Skip to content
Sunday, November 8, 2026

चार राज्यों में विधानसभा उपचुनाव: सुबह 7 बजे से मतदान जारी

चार राज्यों में विधानसभा उपचुनाव: सुबह 7 बजे से मतदान जारी

देश के चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव गुरुवार, 19 जून को सुबह 7 बजे से शुरू हो गए हैं। ये उपचुनाव भले ही किसी राज्य की सरकार में बदलाव नहीं लाएंगे, लेकिन स्थानीय स्तर पर जनता के नेतृत्व और आगामी आम/विधानसभा चुनावों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। ये सीटें हैं — केरल की नीलांबुर, पंजाब की लुधियाना पश्चिम, पश्चिम बंगाल की कलीगंज और गुजरात की विसावदर व कडी। इन सीटों के नतीजे 23 जून को घोषित किए जाएंगे।

केरल की नीलांबुर सीट: चौतरफा मुकाबला

मलप्पुरम जिले की नीलांबुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव एलडीएफ समर्थित निर्दलीय विधायक पी.वी. अनवर और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के बीच मतभेद के कारण हो रहा है। यह मुकाबला सत्तारूढ़ माकपा नीत एलडीएफ और कांग्रेस नीत यूडीएफ के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है। कांग्रेस ने दिवंगत नेता आर्यदान मोहम्मद के बेटे आर्यदान शौकत को मैदान में उतारा है, जबकि माकपा ने एम. स्वराज पर भरोसा जताया है। भाजपा ने मोहन जॉर्ज को उतारकर मुकाबले को बहुकोणीय बना दिया है।

पश्चिम बंगाल की कलीगंज सीट: त्रिकोणीय संघर्ष

कलीगंज सीट पर मुकाबला तृणमूल कांग्रेस, भाजपा और कांग्रेस-वाम गठबंधन के बीच त्रिकोणीय हो गया है। यह उपचुनाव टीएमसी विधायक नसीरुद्दीन अहमद के निधन के चलते हो रहा है। टीएमसी ने उनकी बेटी अलीफा अहमद को टिकट दिया है, जबकि भाजपा ने आशीष घोष और वाम-कांग्रेस गठबंधन ने काबिल उद्दीन शेख को मैदान में उतारा है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद यह पहला चुनाव है, जिससे राष्ट्रवाद और पहचान आधारित राजनीति की गूंज चुनाव प्रचार में भी देखी गई। 2.5 लाख से अधिक पंजीकृत मतदाता 309 मतदान केंद्रों पर वोट डाल रहे हैं।

पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट: 14 उम्मीदवार मैदान में

आप विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी के निधन के बाद खाली हुई लुधियाना पश्चिम सीट पर कुल 14 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सदस्य और समाजसेवी संजीव अरोड़ा को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु पर भरोसा जताया है, जो इस सीट से पहले भी दो बार विधायक रह चुके हैं। भाजपा ने वरिष्ठ नेता जीवन गुप्ता को टिकट दिया है और शिअद ने परोपकार सिंह घुम्मन को उम्मीदवार बनाया है। कुल 1.74 लाख मतदाता 194 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

गुजरात की विसावदर और कडी सीटें: बीजेपी, कांग्रेस और आप आमने-सामने

विसावदर सीट पर पूर्व AAP विधायक भूपेंद्र भयानी के भाजपा में शामिल होने के बाद यह सीट खाली हुई थी। भाजपा ने किरीट पटेल को उतारा है, कांग्रेस ने नितिन रणपरिया और AAP ने अपने पूर्व राज्य प्रमुख गोपाल इटालिया को टिकट दिया है, जिससे मुकाबला दिलचस्प हो गया है। वहीं मेहसाणा जिले की अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित कडी सीट पर भाजपा ने राजेंद्र चावड़ा, कांग्रेस ने रमेश चावड़ा और आप ने जगदीश चावड़ा को मैदान में उतारा है। इन दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 294 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और मतदान को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने मतदान के दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।

इन पांचों उपचुनावों के नतीजे आगामी राजनीतिक समीकरणों की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं, खासकर उन राज्यों में जहां अगले एक-दो वर्षों में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।

 

हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे

Like, Share and Subscribe our YouTube channel

🔗 https://youtube.com/@user-oneindianews?feature=shared

Filed under Elections India

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.