गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट में उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी सामने आने से हड़कंप मच गया। विमान के एक इंजन में खराबी की सूचना मिलने के बाद ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित की गई और फ्लाइट को वापस गोवा के मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट (मोपा एयरपोर्ट) की ओर मोड़ दिया गया। विमान ने सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग की। फ्लाइट में कुल 229 यात्री सवार बताए जा रहे हैं।
उड़ान भरने के कुछ देर बाद सामने आई खराबी
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E 2102 ने मंगलवार, 1 सितंबर 2026 की सुबह गोवा से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। टेकऑफ के कुछ ही समय बाद विमान में तकनीकी समस्या का पता चला। इंजन में खराबी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा को देखते हुए विमान को आगे दिल्ली ले जाने के बजाय वापस गोवा लौटाने का फैसला किया गया।
स्थिति को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई और एयरपोर्ट पर इमरजेंसी व्यवस्थाएं सक्रिय कर दी गईं। इसके बाद पायलटों ने विमान को सुरक्षित तरीके से मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतार दिया।
विमान में सवार थे 229 यात्री
घटना के वक्त फ्लाइट में 229 यात्री सवार थे। विमान के सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है। विमान की तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि खराबी के कारणों का पता लगाया जा सके।
इंडिगो ने घटना पर जारी किया बयान
इंडिगो ने घटना को लेकर जारी बयान में बताया कि 1 सितंबर 2026 को नॉर्थ गोवा से दिल्ली जा रही फ्लाइट 6E 2102 में उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी का पता चला था।
एयरलाइन के मुताबिक, स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) का पालन करते हुए संबंधित अधिकारियों को सूचित किया गया और पायलटों ने विमान को वापस मोड़कर मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा।
एयरलाइन ने बताया कि विमान की मेंटेनेंस जांच की जा रही है और सभी आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद ही उसे दोबारा परिचालन में शामिल किया जाएगा।
यात्रियों के लिए किए गए वैकल्पिक इंतजाम
इंडिगो ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है। एयरलाइन के मुताबिक, यात्रियों को रिफ्रेशमेंट देने के साथ समय-समय पर स्थिति की जानकारी दी गई। इसके अलावा यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की गई।
इंडिगो ने कहा कि यात्रियों, क्रू मेंबर्स और विमान की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बिलासपुर में लैंडिंग के दौरान फटा था विमान का टायर
इससे कुछ दिन पहले छत्तीसगढ़ के बिलासपुर एयरपोर्ट पर भी विमान से जुड़ी एक घटना सामने आई थी। 28 अगस्त को दिल्ली से बिलासपुर पहुंची अलायंस एयर की फ्लाइट का लैंडिंग के दौरान टायर फट गया था।
उस विमान में 37 यात्री और चार क्रू मेंबर सवार थे। टायर फटने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी की स्थिति बनी, हालांकि किसी को नुकसान नहीं पहुंचा। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर टर्मिनल बिल्डिंग पहुंचाया गया था।
गोवा की ताजा घटना में भी समय रहते तकनीकी समस्या का पता लगने और पायलटों द्वारा विमान को वापस मोड़ने के फैसले से फ्लाइट सुरक्षित उतर गई।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel