सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार, 4 अगस्त को भारतीय शेयर बाजार ने बढ़त के साथ शुरुआत की। सुबह 9:15 बजे सेंसेक्स 151.71 अंक (0.19%) चढ़कर 80,751.62 पर और निफ्टी 50 51.85 अंक (0.21%) की तेजी के साथ 24,617.20 पर खुला। सुबह 9:35 बजे तक सेंसेक्स 256.74 अंक (0.32%) बढ़कर 80,856.65 पर और निफ्टी 92.05 अंक (0.37%) की बढ़त के साथ 24,657.40 पर पहुंच गया। हालांकि शुरुआती रुझान पॉजिटिव रहे, लेकिन पूरे सेशन में बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिला क्योंकि इस हफ्ते भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बड़ी मीटिंग होने वाली है, जिसमें रेपो रेट पर फैसला आएगा।
आज के ट्रेडिंग सेशन में अदाणी ग्रुप के शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में अदाणी टोटल गैस, अदाणी पोर्ट्स, अदाणी पावर, अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस, अदाणी ग्रीन एनर्जी और के स्टॉक्स 1% से ज्यादा चढ़कर ट्रेड कर रहे थे। इन शेयरों की मजबूती ने निफ्टी और सेंसेक्स को शुरुआती सपोर्ट दिया और निवेशकों का सेंटीमेंट भी थोड़ा मजबूत हुआ।
बीते शुक्रवार, 2 अगस्त को बाजार में गिरावट आई थी। सेंसेक्स 585.67 अंक (0.72%) गिरकर 80,599.91 पर और निफ्टी 203 अंक (0.82%) टूटकर 24,565.35 पर बंद हुआ था। पिछले हफ्ते दोनों इंडेक्स में करीब 1.1% की गिरावट दर्ज हुई थी, जिससे यह लगातार पांचवें हफ्ते की गिरावट बन गई। यह पिछले दो सालों में सबसे लंबी गिरावट की सीरीज है।
RBI की तीन दिन की MPC मीटिंग 4 अगस्त से शुरू हो गई है और इसका फैसला 6 अगस्त (बुधवार) को आएगा। फिलहाल रेपो रेट 5.50% है और पिछले तीन बार में RBI ने कुल 100 बेसिस प्वाइंट (1%) की कटौती की है। बाजार में चर्चा है कि RBI अब अगली कटौती करेगा या फिर रुक जाएगा। कुछ एक्सपर्ट्स का मानना है कि मौजूदा परिस्थितियों में RBI रेपो रेट को स्थिर रख सकता है, क्योंकि महंगाई फिलहाल कंट्रोल में है। वहीं, कुछ जानकार 0.25% (25 बेसिस प्वाइंट) की एक और कटौती की संभावना भी जता रहे हैं, ताकि ग्रोथ को सपोर्ट मिल सके और फेस्टिव सीजन से पहले क्रेडिट ग्रोथ को बढ़ावा दिया जा सके।
फिलहाल शेयर बाजार RBI की मीटिंग और रेपो रेट के फैसले को लेकर असमंजस की स्थिति में है। आने वाले दो दिन बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है और अगले कुछ कारोबारी सत्रों में ही यह तय होगा कि RBI और कटौती करेगा या “वेट एंड वॉच” की नीति पर रहेगा।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel