एशिया कप 2025 की विजेता ट्रॉफी को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पाकिस्तान के गृह मंत्री और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) अध्यक्ष मोहसिन नकवी पर आरोप है कि उन्होंने फाइनल मैच के बाद ट्रॉफी को अपने कब्जे में ले लिया और टीम इंडिया को अब तक नहीं सौंपी। इस घटना से भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) नाराज़ है और उसका कहना है कि नकवी का यह व्यवहार न केवल असभ्य है, बल्कि एसीसी और आईसीसी जैसी संस्थाओं की प्रतिष्ठा को भी नुकसान पहुंचाता है।
सूत्रों के अनुसार, बीसीसीआई इस मामले को हल्के में लेने के मूड में नहीं है। बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया ने साफ कहा है कि नकवी का रवैया पूरी तरह अनुचित रहा है और आईसीसी की अगली बैठक में यह मुद्दा प्रमुख रूप से उठाया जाएगा। यही नहीं, भारतीय बोर्ड एसीसी अध्यक्ष के खिलाफ महाभियोग लाने पर भी विचार कर रहा है।
After BCCI strong posture and threat, PCB and ACC Chief Mohsin Naqvi RETURNS Asia Cup trophy just before flying back to Lahore.
'The trophy has been handed over to the UAE Board' pic.twitter.com/uEYw5xjzx4
— Megh Updates 🚨™ (@MeghUpdates) October 1, 2025
दरअसल, विवाद 28 सितंबर को खेले गए एशिया कप 2025 के फाइनल मैच से शुरू हुआ। दुबई में हुए इस खिताबी मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को हराकर एशिया कप जीत लिया। लेकिन जब टीम इंडिया को ट्रॉफी सौंपने की बारी आई, तो खिलाड़ियों ने मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इंकार कर दिया। इसके बाद नकवी ट्रॉफी और मेडल लेकर अपने होटल चले गए। इस हरकत ने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया और भारतीय बोर्ड ने इसे गंभीरता से लिया।
अब खबर है कि नकवी ने एशिया कप ट्रॉफी को यूएई क्रिकेट बोर्ड को सौंप दिया है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि टीम इंडिया को ट्रॉफी कब तक सौंपी जाएगी। बीसीसीआई ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर ट्रॉफी जल्द नहीं दी गई, तो वह सीधे एसीसी कार्यालय से इसे हासिल कर लेगा।
गौरतलब है कि मोहसिन नकवी न केवल एसीसी अध्यक्ष हैं बल्कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के भी मुखिया हैं। पाकिस्तान की हार के बाद कई पूर्व क्रिकेटरों ने उनसे इस्तीफा देने की मांग की है। इसके बावजूद नकवी ने इस विवाद पर अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। इस पूरे प्रकरण ने एशिया कप की चमक को फीका कर दिया है और अब सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि आखिरकार विजेता टीम इंडिया को अपनी ट्रॉफी कब सौंपी जाएगी।