दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा में बुधवार को भीषण आग लगने से एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई। आग नोएडा के सेक्टर-66 स्थित मामूरा गांव की एक बहुमंजिला इमारत में लगी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर इमारत में रहने वाले करीब 50 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ग्राउंड फ्लोर पर चार्ज हो रही इलेक्ट्रिक बाइक की बैटरी में स्पार्क होने के बाद आग भड़क गई। इसके बाद आसपास खड़े पेट्रोल वाहनों ने भी आग पकड़ ली, जिससे लपटें तेजी से इमारत में फैल गईं।
धुएं की चपेट में आने से 2 लोगों की मौत
आग लगने की सूचना मिलते ही फायर सर्विस की सात गाड़ियां और एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म मौके पर पहुंचा। मुख्य अग्निशमन अधिकारी और स्थानीय पुलिस की टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान इमारत में रहने वाले लगभग 50 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, धुएं की चपेट में आने से एक महिला और एक पुरुष की तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई। दोनों को एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इलेक्ट्रिक वाहन की बैटरी में स्पार्क से लगी आग
पुलिस और दमकल विभाग के मुताबिक, आग मामूरा स्थित जी-4 इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी। यहां एक इलेक्ट्रिक वाहन की बैटरी चार्जिंग पर लगी हुई थी। आशंका है कि बैटरी में स्पार्क होने के बाद आग आसपास खड़े पेट्रोल वाहनों तक पहुंच गई।
पेट्रोल वाहनों में आग लगने के कारण लपटों ने विकराल रूप ले लिया और पूरी इमारत में धुआं भर गया। घटना के समय इमारत में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हादसे के बाद इमारत और आसपास के क्षेत्र की जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया संज्ञान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा के सेक्टर-66 में हुई आग की घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने, घायलों को उचित इलाज उपलब्ध कराने और पूरे अभियान की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रशासन से हर स्तर पर सतर्कता बरतने को भी कहा है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि हादसे से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाए और घायलों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
मकान मालिक और लीज धारक के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने थाना फेस-3 में मकान मालिक और लीज धारक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में भी लिया है।
अधिकारियों का कहना है कि इमारत में अग्नि सुरक्षा के मानकों, इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग व्यवस्था और अन्य संभावित लापरवाहियों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भीड़भाड़ वाला इलाका है मामूरा गांव
मामूरा गांव नोएडा का बेहद घनी आबादी वाला इलाका है। यहां बड़ी संख्या में बहुमंजिला इमारतों, किराये के कमरों और संकरी गलियों में हजारों लोग रहते हैं। ऐसे क्षेत्रों में आग लगने पर राहत और बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
घटना के बाद मौके पर पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे। अधिकारी हालात का जायजा लेने के साथ-साथ आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रहे हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel