देहरादून: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का 71वां राष्ट्रीय सम्मेलन इस बार राजधानी देहरादून में आयोजित होने जा रहा है। 28 से 30 नवंबर तक चलने वाले इस सम्मेलन की तैयारियाँ परेड ग्राउंड में तेज़ी से चल रही हैं। एबीवीपी के इस महत्वपूर्ण आयोजन में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी हिस्सा लेंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की छात्र शाखा के रूप में काम करने वाली एबीवीपी का यह सम्मेलन हर साल विद्यार्थियों और शिक्षाविदों के बड़े मंच के रूप में जाना जाता है।
विद्यार्थी परिषद से जुड़े अनेक लोग आगे चलकर महत्वपूर्ण पदों पर पहुँचे हैं। इसी कड़ी में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी कभी एबीवीपी के सदस्य रहे हैं। कई अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस विद्यार्थी संगठन से निकलकर राजनीति में शीर्ष पदों तक पहुंचे हैं। इस सम्मेलन में हाल ही में चुने गए राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रोफेसर रघुराज किशोर तिवारी और पुनः निर्वाचित महामंत्री प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह सोलंकी सहित अन्य पदाधिकारियों को उनके नए कार्यकाल के लिए शपथ दिलाई जाएगी।
देहरादून के परेड ग्राउंड में होने वाले इस राष्ट्रीय आयोजन की तैयारियों में उत्तराखंड प्रांत की पूरी इकाई जुटी है। प्रांत अध्यक्ष डॉ. जे. पी. भट्ट ने बताया कि एबीवीपी देश के सबसे पुराने विद्यार्थी संगठनों में से एक है जिसकी स्थापना 9 जुलाई 1949 को हुई थी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में सामाजिक, शैक्षिक और राष्ट्रीय मुद्दों पर विशेष चर्चा सत्र आयोजित किए जाएंगे।
परिषद के प्रांत मंत्री ऋषभ रावत के अनुसार, देशभर से 2,000 से अधिक विद्यार्थी और शिक्षाविद इस सम्मेलन में भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि युवा विद्यार्थियों का यह विशाल समागम पहली बार देवभूमि उत्तराखंड में आयोजित हो रहा है, जिससे प्रदेश में उत्साह का माहौल है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel