अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के सैन डिएगो स्थित मरीन कॉर्प्स एयर स्टेशन मिरामार के पास शुक्रवार को एक F-35B स्टील्थ फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के समय पायलट ने समय रहते इजेक्ट कर अपनी जान बचा ली। अमेरिकी मरीन कॉर्प्स ने पुष्टि की है कि पायलट की हालत स्थिर है और उसे इलाज के लिए स्थानीय मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया है।
पायलट ने समय रहते किया इजेक्ट
यूएस मरीन कॉर्प्स के अनुसार, हादसे से ठीक पहले पायलट ने इजेक्शन सिस्टम का इस्तेमाल किया। उसे ऐसी चोटें आई हैं जो जानलेवा नहीं हैं। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
हादसे का वीडियो आया सामने
क्रैश के बाद सोशल मीडिया पर घटना का एरियल वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दुर्घटनास्थल से काला धुआं उठता दिखाई दे रहा है। मौके पर कई सैन्य वाहन, फायर ब्रिगेड और राहत दल मौजूद थे। आग पर काबू पाने के लिए फ्लेम रिटार्डेंट और पानी का इस्तेमाल किया गया।
चश्मदीद ने बताया कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शी वेड लॉट ने बताया कि उन्होंने दो F-35 जेट्स को रनवे की ओर आते देखा। पहला विमान सामान्य रूप से उतर गया, लेकिन दूसरा अचानक हवा में धीमा पड़ गया, मानो होवर करने की कोशिश कर रहा हो। लगभग 100 फीट की ऊंचाई पर पायलट ने इजेक्ट किया और कुछ ही सेकंड बाद जेट रनवे के पास जमीन से टकराकर आग के गोले में बदल गया।
The U.S. Marine Corps says the pilot of an F-35B stealth fighter is expected to live after ejecting from the jet before it crashed in California. The jet went down Friday near the Miramar air base in San Diego pic.twitter.com/HYAc7U0Cvu
— The Associated Press (@AP) July 31, 2026
क्या है F-35B स्टील्थ फाइटर जेट?
F-35B दुनिया के सबसे आधुनिक पांचवीं पीढ़ी (5th Generation) के स्टील्थ लड़ाकू विमानों में शामिल है। इसकी सबसे बड़ी खासियत Short Take-Off and Vertical Landing (STOVL) क्षमता है, यानी यह कम दूरी से उड़ान भर सकता है और हेलीकॉप्टर की तरह लगभग सीधा उतर सकता है।
इस वेरिएंट का इस्तेमाल मुख्य रूप से यूएस मरीन कॉर्प्स द्वारा किया जाता है। एक F-35B की अनुमानित कीमत करीब 109 मिलियन डॉलर (लगभग 900 करोड़ रुपये) है।
कितना बड़ा है F-35 प्रोग्राम?
अमेरिकी Government Accountability Office (GAO) की 2024 रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी सेना के पास 630 से अधिक F-35 विमान हैं। भविष्य में 1,800 से अधिक अतिरिक्त जेट खरीदे जाने की योजना है। पूरे F-35 प्रोग्राम की अनुमानित लागत लगभग 2 ट्रिलियन डॉलर बताई गई है।
कितना सुरक्षित माना जाता है F-35?
राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा मामलों पर काम करने वाले थिंक टैंक Lexington Institute के अनुसार, F-35 दुनिया के सबसे सुरक्षित और अत्याधुनिक लड़ाकू विमानों में गिना जाता है। वर्ष 2015 में सेवा में शामिल होने के बाद इसकी दुर्घटना दर अन्य नए लड़ाकू विमानों की तुलना में अपेक्षाकृत कम रही है।
मई 2024 में न्यू मैक्सिको में भी एक F-35 दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें पायलट इजेक्ट कर बच गया था।
मरीन कॉर्प्स ने बताया ‘क्लास A’ हादसा
अमेरिकी मरीन कॉर्प्स ने इस दुर्घटना को “Class A Accident” घोषित किया है। यह सैन्य विमान दुर्घटनाओं की सबसे गंभीर श्रेणी होती है, जिसमें विमान पूरी तरह नष्ट हो जाए, नुकसान 2 मिलियन डॉलर से अधिक हो या किसी सैन्यकर्मी की मौत हो।
फिलहाल अमेरिकी सैन्य एजेंसियां हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel