स्विट्जरलैंड के एक लग्जरी अल्पाइन स्की रिजॉर्ट में नए साल के पहले दिन हुए एक भीषण धमाके ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। इस विस्फोट में कई लोगों के मारे जाने की खबर है। स्विस पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि धमाके के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है और मामले की जांच जारी है।
धमाके के बाद रिजॉर्ट परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। चश्मदीदों के अनुसार, लोग डर और घबराहट में चीखते-चिल्लाते हुए बाहर की ओर भागते नजर आए। अचानक हुई इस घटना से छुट्टियां मना रहे पर्यटक और कर्मचारी दोनों ही दहशत में आ गए।
स्विस स्की रिज़ॉर्ट शहर क्रांस-मॉन्टाना, स्विट्जरलैंड के ले कॉन्स्टेलेशन बार में न्यू ईयर ईव के दौरान विस्फोट और आग की सूचना मिली है।
कई लोगों के मारे जाने और गंभीर रूप से घायल होने की रिपोर्ट है।
अधिक जानकारी का इंतजार है।#CransMontana #Switzerland #NewYear2026 #Explosion… pic.twitter.com/3CBT3tbloJ
— One India News (@oneindianewscom) January 1, 2026
विस्फोट के कारण रिजॉर्ट में भीषण आग लग गई, जिससे हालात और गंभीर हो गए। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिशें शुरू कर दी गईं। राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया गया ताकि आग को फैलने से रोका जा सके।
स्विस पुलिस ने बताया कि मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर अभी आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए गए हैं। इलाके को घेराबंदी में ले लिया गया है और सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमाका हादसा था या किसी अन्य कारण से हुआ।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्य सामने लाए जाएंगे।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel