उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पाकिस्तान को लेकर बड़ा बयान दिया है। एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने पाकिस्तान की मौजूदा स्थिति पर तीखा हमला बोला और भविष्यवाणी की कि बहुत जल्द पाकिस्तान का वजूद खत्म हो जाएगा।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पाकिस्तान पूरी तरह से अंदर से खोखला हो चुका है और उसकी स्थिति अराजक राष्ट्र जैसी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब किसी राष्ट्र में आंतरिक रूप से उपद्रव और अराजकता फैल जाती है तो उसका अस्तित्व खतरे में पड़ जाता है। सीएम योगी ने कहा कि पाकिस्तान आज इसी स्थिति में है और जल्द ही इसका अस्तित्व समाप्त हो जाएगा।
सीएम योगी ने चाणक्य का उल्लेख करते हुए कहा, “आचार्य चाणक्य ने कहा था कि जब किसी राष्ट्र में आंतरिक रूप से उपद्रव होता है, तो वह अराजक कहलाता है और अराजक राष्ट्र बहुत शीघ्र समाप्त हो जाता है। आज पाकिस्तान की स्थिति ठीक वैसी ही है—पूरी तरह खोखला और अस्त-व्यस्त।” उन्होंने आगे कहा कि भारत प्राचीन काल से ही इस तरह की चुनौतियों को लेकर सतर्क और सजग रहा है और अपनी सुरक्षा को मजबूत करने के लिए लगातार उपाय करता रहा है।
आचार्य चाणक्य ने एक बात कही थी…
अराजक राष्ट्र बहुत शीघ्र समाप्त हो जाता है…
अराजक राष्ट्र की स्थिति वैसे ही होती है, जैसे आज आप पाकिस्तान की स्थिति देखते हैं… pic.twitter.com/IGQv0CP9YZ
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) September 5, 2025
इसके साथ ही योगी आदित्यनाथ ने भारतीय परंपरा और वैदिक काल का उदाहरण देते हुए कहा कि भारतीयों को हमेशा से यह शिक्षा दी गई है कि धरती हमारी माता है और हम सभी उसके पुत्र हैं। उन्होंने कहा, “जब धरती हमारी माता है, तो कोई भी सुयोग्य पुत्र अपनी माता के साथ अराजकता और छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं कर सकता। अगर भारत की आन-बान-शान को चुनौती दी गई तो हर भारतवासी उठ खड़ा होगा।”
योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में भगवान श्रीराम का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि जब राक्षसों का उत्पात बढ़ा था, तब प्रभु श्रीराम ने संकल्प लिया था कि वह राक्षसों को समाप्त कर इस धरती को राक्षसविहीन करेंगे। सीएम योगी ने कहा कि यही संकल्प रामराज्य की आधारशिला बना और आज भी यही संकल्प हर भारतीय को राष्ट्र की सुरक्षा के लिए प्रेरित करता है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel