Skip to content
Wednesday, October 28, 2026 Ahmedabad 29°C

उत्तराखंड : हरिघाट में हुई जमुना जी की आरती, नमामी गंगे के तहत बनेगा घाट, धामी सरकार की योजना

उत्तराखंड : हरिघाट में हुई जमुना जी की आरती, नमामी गंगे के तहत बनेगा घाट, धामी सरकार की योजना

यमुनोत्री से तेज बहाव से आती हुई जमुना जी जहां तीन नदियों के महासंगम में मिलकर शांत प्रवाह से आगे बढ़ती हैं, उस पावन तीर्थ स्थल हरिपुर में स्थानीय लोगों ने जमुना आरती कर वातावरण भाव विभोर कर दिया। पौराणिक इतिहास में हरिपुर कभी वो तीर्थ स्थल रहा, जहां चार धाम में यमुनोत्री गंगोत्री जाने वाले जमुना जी में स्नान करके आगे पहाड़ की पैदल यात्रा शुरू करते थे। दशकों पहले यमुना में आई बाढ़ में ये तीर्थ स्थल बह गया, फिर उसके बाद इसपर किसी ने ध्यान नहीं दिया, लेकिन हरिपुर के हरिघाट के साथ यमुना घाटी, जौनसार बावर के लोगों के जीने मरने का रिश्ता आज भी बरकरार है।

उत्तराखंड की धामी सरकार ने स्थानीय लोगों की मांग पर इस तीर्थ स्थल को पुनः स्थापित करने के लिए काम शुरू करवाया है। जमुना जी पर नमामि गंगा में बड़ा घाट बनाए जाने की डीपीआर तैयार हो चुकी है।यहां जमुना जी की आरती का आयोजन स्थानीय लोग कर रहे हैं। लोक पंचायत संस्था और अन्य स्थानीय संस्थाएं यहां आरती के आयोजन से जुड़ रही हैं। उत्तराखंड की धामी सरकार हरिपुर के आसपास यमुना सर्किट की योजना का अध्ययन कर चुकी है। जिसमें अश्वमेघ यज्ञ स्थली, महाभारत काल का लाक्षा गृह यानि लाखामंडल भी शामिल है। स्थानीय लोक पंचायत संस्था से जुड़े सदस्य बताते हैं, कि यहां जमुना कृष्ण धाम बनाए जाने के लिए वो प्रयासरत हैं। यहां जमुना जी को भगवान कृष्ण की चौथीपटरानी के रूप में विराजमान किया जाएगा। इसके लिए स्थानीय लोगों ने भूमि दान करने का भी निर्णय लिया है।

यमुना आरती में सम्मलित होने पहुंचे शिक्षाविद श्याम अग्रवाल ने कहा कि ये पावन तीर्थ स्थल है। जिसका इतिहास में उल्लेख है, जमुना जी का राधा कृष्ण से सीधा संबंध हैं। खुशी की बात ये है कि यहां जमुना जी सीधे यमुनोत्री से आ रही हैं। मुख्यमंत्री धामी ने अपने विशेष सचिव डॉ. पराग धकाते को यहां की जानकारी हासिल करने के लिए भेजा, उन्होंने कहा है कि शीघ्र ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी यहां आएंगे, स्थानीय जनता की भावनाएं जमुना जी से जुड़ी हुईं हैं, उन्होंने बताया कि यमुना जी पर यमुनोत्री, गगनानी, बड़कोट और हरिपुर में चार घाट बनाए जाने की योजना है।

लोक पंचायत और हरिपुर में रहने वाले स्थानीय निवासी सरकार की इस योजना से हर्षित हैं। संस्था से जुड़े भारत चौहान ने बताया कि हमारी सालों पुरानी मांग पूरी होने जा रही है। केएस चौहान का कहना था कि ये हरिपुर तीर्थ स्थल पुनः स्थापित हो रहा है, ये हमारे लिए एक सपने के पूर्ण होने जैसा है। यहां घाट बनेंगे राधा कृष्ण की लीलाएं होंगी, कथाएं होंगी, सनातन धर्म का वातावरण बनेगा।

उत्तराखंड में नमामि गंगे के प्रोजेक्ट डायरेक्टर रणवीर सिंह चौहान का कहना है, कि सीएम धामी के निर्देश पर हरिपुर में घाट बनाने की डीपीआर तैयार कर चुके हैं। केंद्र सरकार गंगा के बाद यमुना पर ध्यान दे रही है। शीघ्र ही इस योजना को पूर्ण करवाया जाएगा।

Filed under Uttarakhand

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.