Skip to content
Thursday, October 29, 2026 Ahmedabad 26°C

Paris Olympics 2024: नीता अंबानी ने पेरिस में इंडिया हाउस का किया उद्घाटन

Paris Olympics 2024: नीता अंबानी ने पेरिस में इंडिया हाउस का किया उद्घाटन

रिलायंस फाउंडेशन (Reliance Foundation) की चेयरपर्सन नीता अंबानी (Nita Ambani) ने ओलंपिक को भारत में लाने की वकालत की है. नीता अंबानी ने पेरिस में इंडिया हाउस (India House) का उद्घाटन करते हुए कहा कि भारत अब ओलंपिक की मेजबानी के लिए तैयार है. पेरिस ओलंपिक (Paris Olympics) की शानदार शुरूआत के एक दिन बाद पेरिस में भारत के पहले कंट्री हाउस यानी इंडिया हाउस का उद्घाटन हुआ. नीता अंबानी ने पारंपरिक भारतीय तरीके से दीप प्रज्वलित करके इंडिया हाउस की शुरूआत की. उद्घाटन समारोह में देश-विदेश के मेहमान, इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी (IOC) के अधिकारी और भारत की कई मशहूर हस्तियां शामिल थीं.

इंडिया हाउस भारत की ओलंपिक आकांक्षाओं का प्रतीक

इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए नीता अंबानी ने कहा कि इंडिया हाउस भारत की ओलंपिक आकांक्षाओं का प्रतीक है. यह ओलंपिक में भारत का पहला कंट्री हाउस है. उद्घाटन समारोह में आईओसी समिति के सदस्य सेर मियांग एनजी (Ser Miang NG), भारतीय ओलंपिक संघ की प्रेसिडेंट पीटी ऊषा (PT Usha), फ्रांस में भारत के राजदूत जावेद अशरफ (Jawed Ashraf), बीसीसीआई के जय शाह (Jay Shah), और ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा (Abhinav Bindra) शामिल रहे.

वह दिन दूर नहीं जब भारत ओलंपिक खेलों की मेजबानी करेगा

हाल ही में आईओसी सदस्य चुनी गईं नीता अंबानी ने कहा कि ओलंपिक के इतिहास में पहली बार बने इंडिया हाउस में आपका स्वागत है. आज हम 2024 के पेरिस ओलंपिक खेलों में एक नया सपना देख रहे हैं. एक ऐसा सपना, जो 1.4 अरब भारतीयों का है. भारत को ओलंपिक में लाने का और ओलंपिक को भारत में लाने का, एक साझा सपना. अब समय आ गया है कि एथेंस में पहली बार जलाई गई ओलंपिक ज्योति हमारी प्राचीन भूमि भारत में भी प्रज्वलित हो. वह दिन दूर नहीं जब भारत ओलंपिक खेलों की मेजबानी करेगा. इंडिया हाउस के उद्घाटन पर यह हमारा सामूहिक संकल्प है.

हमारे एथलीटों के लिए यह घर से दूर एक घर बन जाएगा

इंडिया हाउस के महत्व पर नीता अंबानी ने कहा कि इंडिया हाउस को भारत की ओलंपिक आकांक्षाओं के प्रतीक के रूप में देखा जाता है. हम आशा करते हैं कि हमारे एथलीटों के लिए यह घर से दूर एक घर बन जाए. एक ऐसी जगह जहां हम उनका सम्मान करें. उनके जज्बे को सलाम करें और उनकी उपलब्धियों का जश्न मनाएं. इंडिया हाउस आखिरी मंजिल नहीं है. यह भारत के लिए एक नई शुरुआत है. इंडिया हाउस में हम दुनिया का स्वागत करते हैं ताकि वे पेरिस के हृदय में भारत की सुंदरता, विविधता और समृद्ध विरासत का अनुभव कर सकें.

इंडिया हाउस में किए गए रंगारंग कार्यक्रम, ये रहेगी टाइमिंग

इंडिया हाउस के उद्घाटन समारोह में बॉलीवुड गायक शान ने अपनी गायकी से समां बांध दिया. उनके बॉलीवुड गानों पर दर्शक खुल कर झूमे. आगंतुकों का स्वागत ढोल की थाप के साथ किया गया. इसके बाद मुंबई के दृष्टिहीन बच्चों ने पारंपरिक भारतीय खेल मल्लखंभ का शानदार प्रदर्शन किया. इंडिया हाउस पार्क ऑफ नेशंस में पार्क डे ला विलेट में स्थित है. यह 27 जुलाई से 11 अगस्त तक ओलंपिक खेलों के दौरान स्थानीय समयानुसार सुबह 11 बजे से रात 11 बजे तक आगंतुकों के लिए खुला रहेगा.

Filed under Business India World

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.