तमिलनाडु में ट्रेन से टकराई स्कूल वैन, दो छात्रों की मौत
तमिलनाडु के कडलोर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां मंगलवार सुबह करीब 7:45 बजे एक स्कूल वैन रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय विल्लुपुरम-मयिलादुथुराई पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गई। इस हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि कम से कम छह बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
यह दुर्घटना कडलोर और आलप्पक्कम के बीच सेम्बनकुप्पम रेलवे क्रॉसिंग पर हुई, जो एक मानवयुक्त क्रॉसिंग थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब ट्रेन आई तो रेलवे फाटक खुला था, जिससे सुरक्षा प्रोटोकॉल और मानवीय भूल पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
कुड्डालोर के एसपी जयकुमार ने बताया कि दो छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य छात्र और बस चालक घायल हुए हैं। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, स्कूल वैन क्रॉसिंग पार करने की कोशिश कर रही थी तभी ट्रेन से जोरदार टक्कर हुई, जिससे वैन रेलवे ट्रैक से दूर उछलकर जा गिरी और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
लापरवाही किसकी थी?
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, जब गेटकीपर फाटक बंद करने की प्रक्रिया में था, उसी दौरान वैन के ड्राइवर ने जबरन क्रॉसिंग पार करने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि ड्राइवर ने फाटक पार करने की अनुमति देने का दबाव बनाया, जो नहीं दिया जाना चाहिए था। इसी कथित लापरवाही के कारण स्थानीय लोगों में गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने रेलवे गेटकीपर पर हमला कर दिया, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाया।
रेलवे और राज्य पुलिस मिलकर इस मामले की जांच कर रही हैं और एक उच्च स्तरीय समिति घटना की विस्तृत जांच करेगी। इस हादसे ने एक बार फिर देश में रेलवे क्रॉसिंग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है।