यूपी पुलिस ने किया 50 हजार के इनामी बदमाश डब्लू यादव का एनकाउंटर
उत्तर प्रदेश पुलिस ने रविवार रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी डब्लू यादव को मुठभेड़ में मार गिराया। यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने हापुड़ पुलिस और बिहार पुलिस के साथ मिलकर यह ज्वाइंट ऑपरेशन किया। मुठभेड़ के दौरान डब्लू यादव गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Hapur, Uttar Pradesh | W Yadav, who had a bounty of 50 thousand on his head, was killed in an encounter in Hapur. He was a resident of Begusarai, Bihar. He was wanted in a murder case from Bihar. He was killed in a joint operation of UP STF and Bihar Police. The encounter took… pic.twitter.com/2ei2l8RX39
— ANI (@ANI) July 28, 2025
कहां हुआ एनकाउंटर?
घटना 27 जुलाई 2025 की रात की है। यह मुठभेड़ थाना सिंभावली, जिला हापुड़ क्षेत्र में हुई, जहां यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने बिहार और हापुड़ पुलिस के साथ मिलकर बदमाशों का पीछा किया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश को सीने में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौके से भारी मात्रा में असला, कारतूस और अन्य आपराधिक सामान बरामद किए गए हैं।
मृतक की पहचान
एनकाउंटर में मारा गया बदमाश डब्लू यादव, थाना साहेबपुर कमाल, जिला बेगूसराय, बिहार का निवासी था। वह हत्या के एक मामले में वांछित चल रहा था और उस पर ₹50,000 का इनाम घोषित था। डब्लू यादव बेगूसराय के शाहपुर कमाल थाना क्षेत्र का कुख्यात अपराधी था। उस पर ए 121 रजिस्टर्ड गैंग का नेतृत्व करने का भी आरोप था।
डब्लू यादव का आपराधिक इतिहास
डब्लू यादव पर गंभीर आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज हैं। 24 मई 2025 को उसने अपने गैंग के साथ मिलकर हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम पार्टी) के प्रखंड अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता विकास कुमार उर्फ राकेश कदम का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी थी। शव को दियारा क्षेत्र के बालू में गाड़ दिया गया था। इस घटना के बाद उसके खिलाफ साहेबपुर कमाल थाना में केस दर्ज हुआ और वह फरार चल रहा था।
इतना ही नहीं, वर्ष 2017 में भी डब्लू यादव ने अपने खिलाफ कोर्ट में गवाही देने के कारण महेंद्र यादव नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी थी। यह मामला भी साहेबपुर कमाल थाना में दर्ज है।
डब्लू यादव के खिलाफ कुल 24 आपराधिक केस दर्ज हैं, जिनमें हत्या के 2, लूट के 2, डकैती 1, हत्या का प्रयास 6, रंगदारी के 2 मामलों सहित अन्य संगीन अपराध शामिल हैं।