पंजाब के लुधियाना में मंगलवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब शहर के पॉश इलाके भाई रणधीर सिंह नगर (BRS नगर) स्थित एक पिज्जा आउटलेट में दो हथियारबंद युवक घुस गए और कुछ ही सेकंड में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पूरी घटना आउटलेट में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना BRS नगर के जे-ब्लॉक स्थित पिज्जा वार्म मेक्सिको आउटलेट की बताई जा रही है। सामने आए CCTV फुटेज में दो युवक आउटलेट के अंदर दाखिल होते दिखाई देते हैं। इनमें से एक युवक पिस्तौल निकालकर महज करीब तीन सेकंड में लगातार तीन गोलियां चलाता है। इस दौरान दूसरा युवक भी अपने हथियार को लोड करने की कोशिश करता दिखाई देता है, हालांकि उससे गोली नहीं चल सकी।
बाइक पर तीसरा साथी कर रहा था इंतजार
फायरिंग के बाद दोनों आरोपी तत्काल आउटलेट से बाहर निकले। जानकारी के मुताबिक, बाहर एक स्प्लेंडर बाइक पर उनका तीसरा साथी पहले से मौजूद था। तीनों आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके से गोलियों के तीन खाली खोल बरामद किए हैं। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
Instagram पोस्ट में फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा
मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram पर गोपी लहोरिया ग्रुप के नाम से बने एक अकाउंट से फायरिंग की जिम्मेदारी लेने वाला पोस्ट सामने आया।
पोस्ट में दावा किया गया कि पिज्जा आउटलेट पर फायरिंग उनके द्वारा करवाई गई है। इसके साथ ही कथित रूप से फोन कॉल को नजरअंदाज करने का जिक्र करते हुए घटना को एक छोटा ‘ट्रेलर’ बताया गया और आगे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई।
हालांकि, पुलिस ने फिलहाल सोशल मीडिया पर किए गए इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि संबंधित Instagram अकाउंट वास्तव में गैंग से जुड़ा है या किसी व्यक्ति ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से फर्जी अकाउंट और पोस्ट का इस्तेमाल किया है।
साइबर सेल खंगाल रही IP एड्रेस और लोकेशन
इस मामले में लुधियाना पुलिस के साथ साइबर सेल भी जांच कर रही है। सोशल मीडिया पोस्ट के स्रोत, संबंधित अकाउंट की गतिविधियों, IP एड्रेस और संभावित लोकेशन सहित डिजिटल सबूतों की जांच की जा रही है।
पुलिस इस बात का भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमलावरों का पिज्जा आउटलेट के संचालकों से पहले कोई विवाद था या फायरिंग के पीछे धमकी, फिरौती अथवा किसी अन्य तरह का आपराधिक मकसद था।
हत्या के प्रयास और Arms Act के तहत FIR
पुलिस ने थाना सराभा नगर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 और आर्म्स एक्ट के तहत FIR दर्ज की है। आरोपियों को पकड़ने के लिए CCTV कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी सबूतों को खंगाला जा रहा है।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे कैमरों की फुटेज के जरिए आरोपियों के आने और फरार होने के रास्ते का पता लगाने का भी प्रयास कर रही है। फिलहाल शूटरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।
चंडीगढ़ में भी मेडिकल स्टोर पर हुई थी फायरिंग
इससे पहले जून महीने में चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित एक मेडिकल स्टोर पर भी अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की थी। उस घटना में स्टोर के कैशियर जानकी दास को गोली लगी थी और बाद में अस्पताल में उनकी मौत हो गई थी। वह वारदात भी CCTV में रिकॉर्ड हुई थी।
लुधियाना की ताजा घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक स्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर हथियारबंद हमलों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं की जांच करते हुए आरोपियों तक पहुंचने में जुटी हुई है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel