Skip to content
Tuesday, November 24, 2026 Ahmedabad 31°C

छत्तीसगढ़ के कोरबा में 500 लोगों की घर वापसी, ईसाई मत छोड़कर 100 परिवारों ने अपनाया सनातन धर्म

छत्तीसगढ़ के कोरबा में हिंदुत्व रक्षक सम्मान समारोह के दौरान करीब 100 परिवारों के 500 सदस्यों ने ईसाई मत छोड़कर सनातन धर्म अपनाया। प्रबल प्रताप सिंह जूदेव की मौजूदगी में हुआ आयोजन।

छत्तीसगढ़ के कोरबा में 500 लोगों की घर वापसी, ईसाई मत छोड़कर 100 परिवारों ने अपनाया सनातन धर्म

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रविवार को आयोजित ‘हिंदुत्व रक्षक सम्मान समारोह’ में करीब 100 परिवारों के 500 सदस्यों ने ईसाई मत छोड़कर पुनः सनातन धर्म अपनाया। कोरबा शहर के घंटाघर ओपन थिएटर में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच घर वापसी का कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस समारोह में सक्ती जिले और कोरबा के वनांचल क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आदिवासी एवं ग्रामीण परिवार शामिल हुए।

पैर पखारकर किया घर वापसी करने वाले परिवारों का स्वागत

अखिल भारतीय घर वापसी अभियान के प्रमुख प्रबल प्रताप सिंह जूदेव और महामंडलेश्वर स्वामी अनिलानंद महाराज की मौजूदगी में सनातन धर्म में लौटने वाले लोगों का पैर पखारकर स्वागत किया गया। धार्मिक विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच सभी परिवारों ने पुनः सनातन धर्म अपनाया। इस दौरान कई परिवारों ने धर्म परिवर्तन से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए। कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया कि बीमारी ठीक करने और आर्थिक परेशानियां दूर करने का भरोसा देकर उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया गया था।

पति की बीमारी ठीक होने की उम्मीद में किया था धर्म परिवर्तन

सक्ती जिले के जाजंग गांव की रहने वाली समरीन बाई सतनामी ने बताया कि उनके पति रोजी-मजदूरी करते थे और अक्सर बीमार रहते थे। परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर थी। करीब चार साल पहले पति की बीमारी ठीक करने का भरोसा देकर उन्हें ईसाई मत अपनाने के लिए प्रेरित किया गया था।

समरीन बाई के मुताबिक, उन्होंने चंगाई सभाओं में हिस्सा लिया और पवित्र जल एवं तेल का भी सहारा लिया, लेकिन उनके पति की सेहत में कोई सुधार नहीं हुआ। बाद में उनके पति का निधन हो गया। इस घटना के बाद उन्होंने पुनः सनातन धर्म अपनाने का निर्णय लिया।

तीन साल तक नहीं सुधरी पति की सेहत

सक्ती जिले के बगबुड़ा गांव की रहने वाली लता साहू ने भी समारोह में अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि करीब तीन वर्ष पहले एक पादरी ने चंगाई सभा के माध्यम से उनके बीमार पति को स्वस्थ करने का दावा किया था। पति के स्वस्थ होने की उम्मीद में उन्होंने धर्म परिवर्तन कर लिया था।

लता साहू के अनुसार, तीन साल बाद भी उनके पति की स्वास्थ्य स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। अब वह अपने पति का अस्पताल में इलाज करा रही हैं और उन्होंने अपने मूल धर्म में लौटने का फैसला किया है।

हर बिछड़े परिवार की वापसी तक जारी रहेगा अभियान: जूदेव

अखिल भारतीय घर वापसी अभियान के प्रमुख प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने समारोह को संबोधित करते हुए अपने दिवंगत पिता दिलीप सिंह जूदेव के अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि मतांतरण के विरुद्ध और घर वापसी के लिए उनका अभियान लगातार जारी रहेगा।

जूदेव ने कहा कि जब तक प्रत्येक बिछड़े हुए परिवार को घर वापसी अभियान से नहीं जोड़ा जाता, तब तक इस दिशा में प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण पर भी जोर दिया।

धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए एकजुटता जरूरी: स्वामी अनिलानंद

महामंडलेश्वर स्वामी अनिलानंद महाराज ने कहा कि हिंदू समाज और धार्मिक परंपराओं की रक्षा के लिए कार्य करने वाले लोगों का सम्मान करना गर्व की बात है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में अधिकारियों के संरक्षण में मतांतरण के मामले बढ़े थे। वहीं, उन्होंने वर्तमान भाजपा सरकार द्वारा मतांतरण रोकने के लिए उठाए गए कदमों की सराहना की।

स्वामी अनिलानंद महाराज ने समाज से अपनी धार्मिक आस्था, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए संगठित एवं जागरूक रहने का आह्वान किया।

समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक रहे उपस्थित

कोरबा में आयोजित हिंदुत्व रक्षक सम्मान समारोह में धर्मसेना के सदस्यों, धार्मिक संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। करीब 500 लोगों की घर वापसी का यह कार्यक्रम क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।

 

हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे

Like, Share and Subscribe our YouTube channel

🔗 https://www.youtube.com/@oneindianewscom-Gujarat

🔗 https://www.youtube.com/@oneindianewscom

Filed under India Chhattisgarh

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.