पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के तहत बुधवार (29 अप्रैल) को 142 सीटों पर मतदान जारी है। चुनाव आयोग के अनुसार सुबह 11 बजे तक करीब 39.97% वोटिंग दर्ज की गई है।
हालांकि, मतदान के बीच राज्य के कई जिलों से हिंसा और हंगामे की खबरें सामने आ रही हैं। दक्षिण 24 परगना से लेकर हुगली तक भारतीय जनता पार्टी (BJP) और तृणमूल कांग्रेस (TMC) कार्यकर्ताओं के बीच झड़पें हुई हैं।
दक्षिण 24 परगना में सबसे ज्यादा तनाव
दक्षिण 24 परगना में BJP उम्मीदवार विकास सरदार ने आरोप लगाया कि TMC समर्थकों ने उनकी गाड़ी पर हमला कर पत्थरबाजी की और शीशे तोड़ दिए। साथ ही उनके सुरक्षाकर्मी से हथियार छीनने की भी कोशिश की गई।
पानीहाटी से BJP प्रत्याशी रत्ना देबनाथ ने भी आरोप लगाया कि उन्हें बूथ के बाहर घेरकर हमला किया गया। वहीं नादिया के छपरा में BJP कार्यकर्ता मोशर्रफ मीर पर लाठी-डंडों से हमला होने की बात सामने आई है।
हुगली में ‘नकली पोलिंग एजेंट’ पर बवाल
खानकुल (हुगली) में बूथ नंबर 147 पर ‘नकली पोलिंग एजेंट’ को लेकर TMC और लेफ्ट समर्थित इंडियन सेक्युलर फ्रंट (ISF) कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हुई।
हालांकि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की तैनाती के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और मतदान जारी है।
EVM विवाद और गिरफ्तारियां
हावड़ा और डायमंड हार्बर क्षेत्र में EVM को लेकर विवाद सामने आया। BJP उम्मीदवार देवांगशु पांडा ने आरोप लगाया कि कई बूथों पर EVM के कमल वाले बटन पर टेप चिपका दिया गया था।
वहीं हावड़ा के बाली इलाके में हंगामे के बाद CRPF ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।
बीजपुर में भी झड़प
बीजपुर में एक निर्दलीय प्रत्याशी और स्थानीय काउंसलर के बीच मारपीट की घटना सामने आई है।
गौरतलब है कि पहले चरण में 23 अप्रैल को रिकॉर्ड 93% मतदान हुआ था। चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
इन घटनाओं ने एक बार फिर चुनावी हिंसा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel