अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के सैन डिएगो शहर में सोमवार (18 मई 2026) को एक दर्दनाक गोलीबारी की घटना सामने आई है। शहर की सबसे बड़ी मस्जिद के बाहर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें कुल 5 लोगों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार,
इस हमले को 17 और 19 साल के दो युवकों ने अंजाम दिया। दोनों हमलावर कार से मौके पर पहुंचे और अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। इस घटना में मौके पर ही कई लोगों की जान चली गई।
सैन डिएगो पुलिस के मुताबिक, जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी थी, जिनमें एक सिक्योरिटी गार्ड भी शामिल था। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आसपास मौजूद लोगों और एक स्कूल में मौजूद बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।

जांच के दौरान पुलिस को दोनों हमलावर अपनी गाड़ी में मृत अवस्था में मिले। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने एक-दूसरे को गोली मारी हो सकती है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया
हमलावरों में से एक ने अपने माता-पिता के हथियार का इस्तेमाल किया था। घटना से पहले उसकी मां ने पुलिस को फोन कर चेतावनी दी थी कि उसका बेटा हथियार लेकर गया है और किसी भी वारदात को अंजाम दे सकता है।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस घटना में हेट क्राइम (घृणा अपराध) के एंगल से भी जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि मस्जिद में गोलीबारी के बाद पास के एक इलाके में भी फायरिंग की घटना सामने आई, जहां एक माली को गोली लगी, लेकिन वह बच गया। इस पूरी घटना में कुल 5 लोगों की मौत हुई है, जिनमें दोनों हमलावर भी शामिल हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel