देशभर में स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे के शो से जुड़े ‘₹370 बिरयानी’ विवाद का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब एक और कॉमेडियन का पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर विवाद का कारण बन गया है। इस बार स्टैंड-अप कॉमेडियन मधुर विरली (Madhur Virli) अपने कथित ‘डार्क ह्यूमर’ को लेकर आलोचनाओं के केंद्र में हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक क्लिप में मधुर विरली कथित तौर पर रेप जैसे गंभीर अपराध को लेकर मजाक करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो उनके वर्ष 2024 के शो ‘Love & Latex’ का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे बेहद असंवेदनशील, आपत्तिजनक और पीड़ितों के दर्द का मजाक उड़ाने वाला बताया है।
क्या है वायरल वीडियो में?
वायरल क्लिप में मधुर विरली रेप मामलों पर टिप्पणी करते हुए कथित तौर पर कहते हैं कि 10 रेप मामलों में से 9 मामलों में केवल रेप होता है, जबकि एक मामले में हत्या भी हो जाती है। इसके बाद वह पीड़िता और आरोपी से जुड़ा एक कथित मजाक सुनाते हैं, जिस पर शो में मौजूद कुछ लोग हँसते हुए दिखाई देते हैं।
हालाँकि सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कई यूजर्स का कहना है कि यौन हिंसा और रेप जैसे अपराध किसी भी प्रकार की कॉमेडी या मनोरंजन का विषय नहीं हो सकते।
Meet Madhur Virli:
Since when did rape jokes become normal? If you can't make people laugh without joking about someone's worst trauma, maybe comedy isn't for you.
Find an honest job instead of using pain and suffering for cheap laughs.
What is even more disgusting is that the… pic.twitter.com/ZxZ9c3vJwm
— Sachya (@sachya2002) June 12, 2026
सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा
वीडियो वायरल होने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने मधुर विरली की आलोचना की है। एक यूजर ने लिखा कि यदि किसी कॉमेडियन को लोगों को हँसाने के लिए पीड़ितों के सबसे दर्दनाक अनुभवों का सहारा लेना पड़ रहा है, तो यह कॉमेडी की विफलता है।
एक अन्य यूजर ने सवाल उठाया कि आखिर रेप पीड़ितों के दर्द और मानसिक आघात को मजाक का विषय कैसे बनाया जा सकता है। कुछ लोगों ने इसे ‘डार्क ह्यूमर’ कहकर बचाव करने की कोशिश की, जबकि आलोचकों का कहना है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और हास्य के नाम पर सामाजिक संवेदनशीलता को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
सोशल मीडिया अकाउंट किए डीएक्टिवेट
बढ़ते विवाद और आलोचनाओं के बीच मधुर विरली ने कथित तौर पर अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स डीएक्टिवेट कर दिए हैं। हालांकि उनके पुराने वीडियो और शो की क्लिप्स अभी भी विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शेयर की जा रही हैं।
फिलहाल कॉमेडियन की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
स्टैंड-अप कॉमेडी और सामाजिक जिम्मेदारी पर बहस
पिछले कुछ समय से स्टैंड-अप कॉमेडी में इस्तेमाल होने वाली भाषा, विषयों और कथित ‘डार्क ह्यूमर’ को लेकर लगातार बहस चल रही है। हाल ही में प्रणित मोरे, हिमांशु जांगड़ा और डॉ. सेजल पवार से जुड़े विवादों के बाद अब मधुर विरली का वीडियो सामने आने से यह चर्चा फिर तेज हो गई है कि हास्य और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की सीमा क्या होनी चाहिए।
विशेषज्ञों का मानना है कि संवेदनशील सामाजिक मुद्दों पर कॉमेडी करते समय जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनाओं का ध्यान रखना भी उतना ही आवश्यक है, जितना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान करना।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel