अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़ा अलर्ट सामने आया है। कैलिफोर्निया के लॉस एंजिल्स स्थित ट्रंप नेशनल गोल्फ क्लब के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को हथियारों और गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया गया है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि आरोपी ट्रंप के प्रस्तावित फंडरेजर कार्यक्रम से पहले सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहा था।
सुरक्षा व्यवस्था की कर रहा था रेकी
लॉस एंजिल्स काउंटी शेरिफ विभाग के अनुसार गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान जीनिन जॉन टैले के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि वह घटना से दो दिन पहले गोल्फ कोर्स के आसपास फोटो और वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था। अधिकारियों का मानना है कि वह सुरक्षा इंतजामों का जायजा ले रहा था।
गिरफ्तारी के दौरान उसकी जेब से 16 राउंड वाली मैगजीन और गोलियां बरामद हुईं। इसके अलावा उसकी कार से एक लोडेड पिस्तौल भी मिली।
घर से मिला हथियारों का जखीरा
पुलिस ने संदिग्ध के घर की तलाशी ली, जहां से बड़ी संख्या में हथियार, अतिरिक्त मैगजीन, गोला-बारूद, बॉडी आर्मर और एक आपत्तिजनक नोटबुक बरामद हुई। बरामद सामग्री की जांच की जा रही है ताकि संभावित साजिश का पूरा पता लगाया जा सके।
ट्रंप फंडरेजर कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे
यह गिरफ्तारी ऐसे समय हुई जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लॉस एंजिल्स के रैंचो पालोस वर्डेस स्थित ट्रंप नेशनल गोल्फ क्लब में रिपब्लिकन नेशनल कमेटी के फंडरेजिंग डिनर में शामिल होने की तैयारी कर रहे थे। सुरक्षा एजेंसियों ने कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी।
संदिग्ध पर पहले से कई गंभीर मामले दर्ज
शेरिफ विभाग के मुताबिक जीनिन जॉन टैले पर पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें द्वितीय श्रेणी की डकैती, बड़ी क्षमता वाली मैगजीन रखने, छोटी बैरल वाली राइफल या शॉटगन रखने और वाहन में छिपाकर हथियार ले जाने जैसे आरोप शामिल हैं।
पहले भी कई बार निशाने पर रहे हैं ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा को लेकर पहले भी कई गंभीर घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
- पेनसिल्वेनिया के बटलर में चुनावी रैली के दौरान उन पर गोली चलाई गई थी, जिसमें गोली उनके दाहिने कान को छूते हुए निकल गई थी।
- हाल ही में एक आधिकारिक डिनर कार्यक्रम के दौरान भी एक हथियारबंद संदिग्ध के प्रवेश की घटना सामने आई थी, जिसके बाद ट्रंप सहित शीर्ष नेताओं को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया था।
ताजा गिरफ्तारी के बाद अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियां मामले की हर पहलू से जांच कर रही हैं कि कहीं यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा तो नहीं था।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel