प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के मुखिया के रूप में 25 साल पूरे होने पर दुनिया के कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। इसी कड़ी में भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने पीएम मोदी के नाम एक विस्तृत संदेश लिखकर उनके नेतृत्व और भारत की विकास यात्रा की प्रशंसा की है। तोबगे ने मोदी को अपना “बड़ा भाई” बताते हुए उन्हें “भगवान विष्णु का अवतार” भी कहा।
शेरिंग तोबगे ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी के साथ 27 जुलाई 2019 को दिल्ली में हुई मुलाकात को याद किया। उस समय तोबगे भूटान के प्रधानमंत्री नहीं थे और न ही संसद के सदस्य थे। उनकी पार्टी करीब दस महीने पहले हुए चुनाव में हार चुकी थी। तोबगे के मुताबिक उस समय वह पीएम मोदी से एक आम नागरिक के तौर पर मिले थे।
‘पीएम मोदी हमेशा मेरे बड़े भाई रहेंगे’
तोबगे ने बताया कि 2019 की मुलाकात के दौरान उन्होंने अपने पिछले कार्यकाल में मिले सहयोग के लिए नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया था। इसी दौरान उन्होंने मोदी से कहा था कि वह हमेशा उनके बड़े भाई रहेंगे।
भूटानी प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि उन्होंने ऐसा केवल उम्र में बड़े होने के कारण नहीं कहा था, बल्कि इसलिए भी कहा क्योंकि नरेंद्र मोदी ने उनके साथ उसी स्नेह के साथ व्यवहार किया जैसा एक बड़ा भाई अपने छोटे भाई के साथ करता है।
To Prime Minister @narendramodi,
An avatar of our times pic.twitter.com/84RDOEfELm
— Tshering Tobgay (@tsheringtobgay) October 7, 2026
पीएम मोदी को क्यों बताया ‘विष्णु का अवतार’?
शेरिंग तोबगे ने अपने संदेश में 2019 की मुलाकात से जुड़ा एक और प्रसंग साझा किया। उन्होंने लिखा कि उस दौरान उन्होंने पीएम मोदी से कहा था कि वह उन्हें भगवान विष्णु के अवतार के रूप में देखते हैं।
तोबगे के मुताबिक उनके क्षेत्र की परंपराओं में प्रबुद्ध और नेक शासकों को लंबे समय से इस तरह देखा जाता रहा है। उन्होंने लिखा कि यह बात कहने के बाद वह खुद भी अपने शब्दों को लेकर हैरान हुए थे और बाद में उन्होंने इस पर विचार किया कि क्या वह भावनाओं में बह गए थे।
‘बाद में लगा, पीएम मोदी को विष्णु का अवतार कहना सही था’
तोबगे ने लिखा कि बाद में जब उन्होंने अपनी कही बात पर विचार किया तो उन्हें लगा कि पीएम मोदी को विष्णु का अवतार मानने का उनका आकलन सही था। उन्होंने इसके पीछे मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री और बाद में भारत के प्रधानमंत्री के रूप में किए गए कार्यों का उल्लेख किया।
भूटानी प्रधानमंत्री ने मोदी के नेतृत्व को बुद्धिमत्ता, करुणा, साहस और सेवा जैसे गुणों से जोड़ा। उन्होंने भूटान की बौद्ध परंपरा में Rigsum Gonpo का उल्लेख करते हुए इन गुणों की व्याख्या भी की।
गुजरात के करीब 13 साल के कार्यकाल का किया जिक्र
शेरिंग तोबगे ने नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में करीब 13 वर्षों के कार्यकाल का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने गुजरात को विकास, बुनियादी ढांचे, निवेश और योजनाओं के क्रियान्वयन के संदर्भ में राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आते देखा।
तोबगे ने इसके बाद प्रधानमंत्री के रूप में मोदी के कार्यकाल का जिक्र करते हुए मैन्युफैक्चरिंग, विदेशी निवेश, वित्तीय समावेशन, स्वच्छता, टेक्नोलॉजी और बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों को रेखांकित किया। उन्होंने इन पहलों के पीछे सेवा और योजनाओं को जमीन पर उतारने पर दिए गए जोर की प्रशंसा की।
‘अनुशासित, ऊर्जावान और असाधारण रूप से मेहनती’
भूटान के प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में नरेंद्र मोदी को अनुशासित, ऊर्जावान और असाधारण रूप से मेहनती जनसेवक बताया। उन्होंने कहा कि मोदी के व्यक्तित्व की जिस बात ने उन्हें सबसे ज्यादा प्रभावित किया, वह भारत और भारतीयों की सेवा के प्रति उनका समर्पण है।
तोबगे ने यह भी कहा कि उनके नजरिए में मोदी के नेतृत्व ने भारतीयों के भीतर अपने देश और स्वयं को लेकर विश्वास को मजबूत किया। उन्होंने लिखा कि भारतीय अपने देश की संभावनाओं को लेकर अधिक महत्वाकांक्षी और दुनिया में भारत की भूमिका को लेकर अधिक आत्मविश्वासी दिखाई दिए। उन्होंने इन्हें एक “प्रबुद्ध शासक” के गुणों से जोड़ा।
विकसित भारत के विजन की भी प्रशंसा
तोबगे ने पीएम मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन का भी उल्लेख किया। उन्होंने भारत की विकास यात्रा को केवल भारत के लिए ही नहीं, बल्कि पड़ोसी देशों और ग्लोबल साउथ के लिए भी महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने भारत की ‘Neighbourhood First’ सोच और ग्लोबल साउथ से जुड़े मुद्दों पर मोदी के नेतृत्व की चर्चा की। भूटान के प्रधानमंत्री ने Voice of Global South Summits और अफ्रीकी संघ को G20 का स्थायी सदस्य बनाने की भारत की पहल का भी उल्लेख किया।
PM मोदी के सरकार के मुखिया के रूप में 25 साल पूरे
नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार किसी सरकार की कमान संभाली थी। वह मई 2014 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और इसके बाद भारत के प्रधानमंत्री बने। 7 अक्टूबर 2026 को सरकार के मुखिया के रूप में उनके लगातार 25 साल पूरे हुए।
इस अवसर पर भूटान के अलावा जापान, बेल्जियम, नाइजीरिया, डोमिनिका और अन्य देशों के नेताओं की ओर से भी पीएम मोदी के लिए बधाई संदेश सामने आए।
शेरिंग तोबगे का संदेश इन बधाइयों के बीच खास तौर पर चर्चा में आया क्योंकि उन्होंने मोदी के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों, 2019 की मुलाकात और उनके नेतृत्व को लेकर अपनी धार्मिक-सांस्कृतिक उपमा का विस्तार से उल्लेख किया।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel