Skip to content
Wednesday, October 28, 2026 Ahmedabad 26°C

Pakistan: जिसने पहले उड़ाया था मजाक, अब वही नेता कर रहा चंद्रयान-3 के पाकिस्तान में ‘लाइव’ प्रसारण की मांग

Pakistan: जिसने पहले उड़ाया था मजाक, अब वही नेता कर रहा चंद्रयान-3 के पाकिस्तान में ‘लाइव’ प्रसारण की मांग

आज शाम भारत का चंद्रयान मिशन दुनिया पर भारत की ताकत का झंडा बुलंद करने जा रहा है। भारत ही नहीं, पूरी दुनिया में उस पल का उत्सुकता से इंतजार है जब चंद्रयान—3 चंद्रमा की सतह का छुएगा, उस पर उतरेगा। भारत सहित अनेक देशों में चंद्रयान-3 का लाइव प्रसारण करने की तैयारियां चल रही हैं। ब्रिक्स सम्मेलन में भाग लेने दक्षिण अफ्रीका गए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वहीं से इस मिशन को मंजिल पर पहुंचते हुए देखेंगे। ऐसे में भारत के पड़ोसी इस्लामी देश के नेता भी ट्वीट करके भारत का बधाई दे रहे हैं। इनमें से एक हैं पूर्व मंत्री फवाद चौधरी। उन्होंने अपने यहां के मीडिया से इस मिशन का लाइव प्रसारण करने की मांग की है और भारत को इसके लिए बधाई दी है। याद रहे, ये वही फवाद हैं जिन्होंने चंद्रयान—2 के वक्त इसरो और भारत के इस मिशन का मजाक उड़ाया था।

पूर्व सूचना प्रसारण मंत्री फवाद हुसैन चौधरी ने 2019 में भी चंद्रयान-2 मिशन के नाकाम रहने पर इसरो का खूब मजाक उड़ाया था। उन्होंने कहा था कि भारत ने ‘मून मिशन’ पर 900 करोड़ रुपये खर्च करके पैसा बर्बाद किया है। यही फवाद हैं जिन्होंने तब हैशटैग ‘इंडिया फेल्ड’ चलाया था। कभी इसरो का मजाक उड़ाने वाले पाकिस्तान के पूर्व मंत्री फवाद ने कल एक ट्वीट करके चंद्रयान—3 की प्रशंसा के पुल बांधे हैं, भारत की तारीफ की है और चंद्रयान-3 के चांद पर उतरने के पलों के अपने देश में लाइव प्रसारण की मांग की है।

वैसे पड़ोसी इस्लामी देश में सोशल मीडिया पर उनके प्रधानमंत्री से ज्यादा अवाम की नजरों में प्रधानमंत्री मोदी के प्रति कहीं ज्यादा सम्मान दिखता है। पाकिस्तान में भी अनेक लोग चंद्रयान के चांद पर उतरने का इंतजार करते दिखे हैं। शायद इसी माहौल को देखते हुए बड़बोले के तौर पर बदनाम फवाद ने भारत के मून मिशन चंद्रयान-3 को लेकर अपनी बधाई दी है। इतना ही नहीं, इसे मानव जाति के लिए एक ऐतिहासिक क्षण भी बताया है।

फवाद पाकिस्तान के विज्ञान और टेक्नोलॉजी मंत्री भी रहे हैं। लेकिन तो भी इन्हीं फवाद ने पिछली बार चंद्रयान मिशन की नाकामी को लेकर भारत पर फब्तियां कसी थीं, इसरो का मजाक उड़ाया था और 900 करोड़ के खर्च को लेकर सवाल उठाए थे। लेकिन कल चंद्रयान-3 को लेकर किए अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा कि, पा​किस्तान के मीडिया को शाम 6:15 बजे चंद्रयान-3 की चांद पर लैंडिंग लाइव दिखानी चाहिए। यह मानव जाति के लिए एक ऐतिहासिक क्षण होगा। विशेष रूप से भारत के लोगों, वैज्ञानिकों को बधाई। 14 जुलाई को भी इन्हीं फवाद हुसैन ने चंद्रयान—3 भारत के अंतरिक्ष और विज्ञान से जुड़े समुदाय को बधाई दी थी।

उल्लेखनीय है कि चंद्रयान-3 आज (23 अगस्त) शाम 6:04 बजे चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ करने वाला है। इसे लेकर अंतरिक्ष जगत ही नहीं, दुनियाभर के आम लोगों में भी उत्सुकता है। भारत में तो विशेष रूप से उत्साह का माहौल है। लोगों अपने अपने स्तर पर इस मिशन की सफलता को लेकर कामनाएं कर रहे हैं। मंदिरों में विशेष पूजानुष्ठान किए जा रहे हैं। टेलीविजन चैनलों में लैंडिंग के सीधे प्रसारण को सबसे तेजी से दिखाने की होड़ लगी है।

Filed under World

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.