Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 35°C

छत्तीसगढ़ में 2, राजस्थान, MP-मिजोरम, तेलंगाना में एक-एक चरण में होगा चुनाव- सूत्र

छत्तीसगढ़ में 2, राजस्थान, MP-मिजोरम, तेलंगाना में एक-एक चरण में होगा चुनाव- सूत्र

चुनाव आयोग ने 5 राज्यों में चुनाव का खाका तैयार कर लिया है. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में 2, राजस्थान, एमपी, मिजोरम और तेलंगाना में एक-एक चरण में चुनाव हो सकते हैं. सूत्रों की मानें तो मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और दोनों चुनाव आयुक्त के मुहर के बाद चुनाव कार्यक्रम को अंतिम मंजूरी दी जाएगी और फिर घोषणा होगी. पांचों राज्यों में मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल इस साल के अंत में खत्म हो रहा है.

सूत्रों के मुताबिक, पांच राज्यों में चुनाव के बाद मतगणना भी एक साथ होंगे, ऐसे में 10 से 15 दिसंबर के बीच वोटों की गिनती हो सकती है. इस बीच पांच राज्यों के चुनावी ऑब्जर्वर के साथ चुनाव आयोग की दिल्ली में बड़ी बैठक भी चल रही है. इस बैठक के बाद रविवार से लेकर मंगलवार के बीच किसी भी दिन चुनाव की घोषणा हो सकती है.

राज्यों के ऑब्जर्वरों के साथ दिल्ली में बैठक

इस बैठक में सुरक्षा के साथ-साथ चुनावी खर्चे के साथ-साथ मैदान में उतरने वाले उम्मीदवारों, समर्थकों की ओर से अपनाई जा सकने वाली सभी संभावित परिस्थितियों और उनसे निपटने के त्वरित कारगर उपायों पर विचार किया जाएगा और फिर उसके हिसाब से रणनीति बनाई जाएगी. चुनाव आयोग ने पांच अक्टूबर को ही तेलंगाना का दौरा पूरा किया है. इससे पहले राजस्थान, मध्य प्रदेश और बाकी राज्यों का दौरा कर अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनाव से जुड़ी जानकारी हासिल की थी.

पांच राज्यों में कब-कब खत्म हो रहा विधानसभा का कार्यकाल

  • 17 दिसंबर 2023 को मिजोरम विधानसभा का कार्यकाल समाप्त हो रहा है.
  • 6 जनवरी 2024 को मध्य प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल खत्म हो जाएगा.
  • 3 जनवरी 2024 को छत्तीसगढ़ विधानसभा का कार्यकाल खत्म हो जाएगा.
  • 14 जनवरी 2024 को राजस्थान का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा.
  • 16 जनवरी 2024 को तेलंगाना विधानसभा का कार्यकाल समाप्त हो रहा है.

    राज्यों में बढ़ गई है चुनावी सरगर्मियां

    बता दें कि चुनाव राज्यों में सियासी सरगर्मियां तेज हो गई है. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ के बीजेपी समेत कुछ और राजनीतिक पार्टियों की ओर से कई उम्मीदवारों का ऐलान भी हो चुका है. मध्य प्रदेश में बीजेपी की सरकार है और शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री हैं, जबकि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है और भूपेश बधेल सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं. वहीं, राजस्थान पर भी कांग्रेस का कब्जा है और अशोक गहलोत सरकार चला रहे हैं, जबकि तेलंगाना में के चंद्रशेखर राव सत्ता में काबिज है.

    किस राज्यों में कितनी सीटें?

    इन राज्यों के विधासभा सीटों की बात करें तो छत्तीसगढ़ में 90, मध्य प्रदेश में 230, राजस्थान में 200, तेलंगाना में 119 और मिजोरम में कुल 40 सीटें हैं. इन सभी राज्यों में साल 2018 में विधानसभा चुनाव हुए थे. छत्तीसगढ़ में दो चरणों में चुनाव के पीछे नक्सल प्रभावित इलाका होना बताया जा रहा है. राज्य के कुछ इलाके नक्सलियों के लिहाज से अतिसंवेदनशील माने जाते हैं. इसलिए उन इलाकों में सुरक्षा के भी तगड़े इंतजाम करने पड़ते हैं.

Filed under Madhya Pradesh

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.