Skip to content
Wednesday, October 28, 2026 Ahmedabad 28°C

‘जय श्रीराम’ के जयकारे के साथ इंडिगो विमान ने दिल्ली से अयोध्या के लिए भरी पहली उड़ान

‘जय श्रीराम’ के जयकारे के साथ इंडिगो विमान ने दिल्ली से अयोध्या के लिए भरी पहली उड़ान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  द्वारा एयरपोर्ट का उद्घाटन करने के कुछ घंटों बाद, अयोध्या एयरपोर्ट अपनी फर्स्ट फ्लाइट का स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार है. इंडिगो  की एक फ्लाइट दिल्ली से अयोध्या पहुंचने के लिए उड़ान भर चुकी है. फ्लाइट के कैप्टन ने उड़ान भरने से पहले एक स्पेशल अनाउंसमेंट की और यात्रियों का स्वागत किया. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

‘यह इंडिगो और हमारे लिए खुशी की बात है’

फ्लाइट के कैप्टन आशुतोष शेखर ने कहा, “यह मेरे लिए गर्व की बात है कि इंडिगो ने मुझे इस महत्वपूर्ण फ्लाइट की कमान सौंपी है. यह इंडिगो और हमारे लिए खुशी की बात है. हमें उम्मीद है कि हमारे साथ आपकी यात्रा सुरक्षित और स्वस्थ होगी.” उन्होंने पैसेंजर्स से अपने को-पायलट और केबिन प्रभारी का भी परिचय कराया और कहा कि यात्रियों को मौसम संबंधी और फ्लाइट रिलेटेड अपडेट के बारे में सूचित किया जाएगा.

फ्लाइट के कैप्टन शेखर ने “जय श्री राम” के साथ अनाउंसमेंट समाप्त की जिसके बाद यात्री भी उनके साथ शामिल हो गए और ‘जय श्रीराम’ के जयकारे को सभी ने दोहराया.फ्लाइट के उड़ान भरने से पहले एयरपोर्ट पर यात्रियों और स्टाफ ने केक काटा. विमान में चढ़ते समय यात्रियों ने भगवा झंडे भी ले रखे थे.

अनुराग ठाकुर ने भी शेयर किया वीडियो

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी इंडिगो  की फ्लाइट का वीडियो शेयर किया. उन्होने ‘एक्स’ वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “दिल्ली से अयोध्या. अतिसय प्रीति देखि रघुराई। लीन्हे सकल बिमान चढ़ाई॥ मन महुँ बिप्र चरन सिरु नायो। उत्तर दिसिहि बिमान चलायो॥ सियावर रामचन्द्र की जय.”

अयोध्या हवाई अड्डे को महर्षि वाल्मिकी इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी कहा जाता है, जिसका उद्घाटन आज पीएम मोदी ने किया. पीएम मोदी ने नवनिर्मित अयोध्या रेलवे स्टेशन का भी उद्घाटन किया. ये उद्घाटन भव्य राम मंदिर के अभिषेक से एक महीने से भी कम समय पहले हुए हैं.

पीएम मोदी ने किया कई परियोजनाओं का उद्घाटन

22 जनवरी को श्री राम मंदिर के अभिषेक समारोह से कुछ दिन पहले, पीएम मोदी कई परियोजनाओं का उद्घाटन करने के लिए शनिवार सुबह अयोध्या पहुंचे. नए हवाई अड्डे के अलावा, पीएम मोदी ने पुनर्विकसित अयोध्या रेलवे स्टेशन का भी शुभारंभ किया. इसके अलावा उन्होंने दो अमृत भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई. छह वंदे भारत ट्रेनों और 15,700 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया.

1,450 करोड़ रुपये की लागत आई है हवाई अड्डे पर

अत्याधुनिक नए अयोध्या हवाई अड्डे का पहला चरण 1,450 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया गया है. हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल 6500 वर्गमीटर होगा, जो सालाना लगभग 10 लाख यात्रियों की सेवा के लिए सुसज्जित होगा. जबकि भवन का अग्रभाग आगामी राम मंदिर की मंदिर वास्तुकला को दर्शाता है.

टर्मिनल भवन में भगवान राम का जीवन

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, टर्मिनल भवन के अंदरूनी हिस्सों को भगवान राम के जीवन को दर्शाने वाली स्थानीय कला, पेंटिंग और भित्ति चित्रों से सजाया गया है. अयोध्या हवाई अड्डे का टर्मिनल भवन भी कई सुविधाओं से सुसज्जित है, जैसे एक इंसुलेटेड छत प्रणाली, एलईडी प्रकाश व्यवस्था, वर्षा जल संचयन, फव्वारे के साथ भूदृश्य, एक जल उपचार संयंत्र, एक सीवेज उपचार संयंत्र, एक सौर ऊर्जा संयंत्र, और कई अन्य सुविधाएं प्रदान की गई हैं.

Filed under India

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.