Skip to content
Thursday, October 29, 2026 Ahmedabad 34°C

‘यूपी में गली-गली बमबाजी नहीं, हर-हर बम-बम होगा’, कानून-व्यवस्था पर बोले CM योगी

‘यूपी में गली-गली बमबाजी नहीं, हर-हर बम-बम होगा’, कानून-व्यवस्था पर बोले CM योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के समय कांवड़ यात्रा नहीं कर्फ्यू होता था. इनके समय में गुंडे जगह-जगह बम विस्फोट करते थे. गली-गली बमबाजी करते थे. हमने कहा कि अब यूपी में बमबाजी नहीं, हर-हर बम होगा.

बदायूं में सपा-कांग्रेस गठबंधन पर हमला बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि ये लोग यूपी को बदनाम करते थे और इन्होंने पहचान का संकट खड़ा कर दिया था. अराजकता फैलाते थे. कांवड़ यात्रा पर बैन लगाते थे और कर्फ्यू के समर्थक थे. उन्होंने कहा, “यूपी में कानून-व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त है क्योंकि अपराधी और माफिया ध्वस्त हैं. हमने इनको पस्त किया है तो यूपी में बेटी और व्यापारियों के साथ-साथ पूरा प्रदेश दंगा से मुक्त हो गया. जो कार्य कभी नहीं हो पाया था. मोदी जी के 10 वर्ष के कार्यकाल में जमीनी धरातल पर होते हुए देखा है. नए भारत का दर्शन हम कर रहे हैं. एक ऐसा भारत जिसमें सुरक्षा है तो समृद्धि भी है. जिसमें नौजवान के लिए आजीविका है तो आमजन की आस्था के लिए सम्मान भी है. जहां पर कर्फ्यू तो पूरी तरह बंद हुआ है, लेकिन कांवड़ यात्रा धूमधाम से ले जाने के लिए तैयारी भी चल रही है. ये उत्तर प्रदेश और देश आज अपनी विरासत और विकास की एक नई यात्रा के साथ आगे बढ़ रहा है. याद रखना विरासत को विस्मृत करके कोई देश एक लंबी यात्रा नहीं कर सकता है.”

फैमिली फर्स्ट और नेशन फर्स्ट के बीच चुनाव: योगी

सीएम योगी ने कहा कि ये चुनाव फैमिली फर्स्ट और नेशन फर्स्ट के बीच में होने जा रहा है. उन्होंने कहा, “याद करिए सपा हो या कांग्रेस, उनकी ओर से उस पार्टी का अध्यक्ष केवल एक खानदान का ही व्यक्ति हो सकता है और यहां पर जब मोदी के बारे में चर्चा करते हैं तो एक सामान्य गरीब परिवार से निकलकर पूरा जीवन देश के लिए समर्पित करते हुए, उनके लिए 140 करोड़ का भारत ही उनका परिवार है. ये मोदी जी के कारण आज भारत के बारे में विश्व को पता है. इसलिए जब चुनाव की बारी आ रही है तो फैमिली फर्स्ट बनाम नेशन. हमने परिवारवादियों को वोट देना है या देश के बारे में सोचने वालों को वोट देना है.”

माफिया राज बनाम कानून के राज में चुनाव: CM

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये चुनाव माफिया राज बनाम कानून के राज में चुनाव है. सपा कांग्रेस और बसपा के लोग आएंगे तो ये माफिया राज भी साथ लेकर आएंगे. बीजेपी कानून के राज में विश्वास करती है. कानून के राज को स्थापित करने में विश्वास करती है और उसको प्रभावी ढंग से लागू करती है. ये चुनाव भ्रष्टाचार बनाम जीरो टॉलरेंस पर चुनाव हो रहा है. भ्रष्टाचारी गरीब का हिस्सा हड़पते रहेंगे और उनका स्थान जेल में होने चाहिए ये तय करने के लिए इस प्रकार की इच्छाशक्ति की सरकार चाहिए और यह कार्य बीजेपी के नेतृत्व में ही होगा.

बदलते यूपी को आपने देखा

सीएम योगी ने कहा कि आपने दस वर्ष में बदलते भारत व सात वर्ष में पीएम मोदी के मार्गदर्शन में बदलते उत्तर प्रदेश को देखा है। 2014 के पहले की स्थितियां भी किसी से छिपी नहीं हैं। उस दौरान देश में वातावरण भयावह था। परिवारवाद के नाम पर लूट-खसोट की पूरी छूट थी।

देश की राजनीति को बपौती समझकर भारत की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया जाता था। गरीबों के हकों पर डकैती व उपद्रवियों को प्रश्रय दिया जाता था। रामजन्मभूमि के बारे में कोई आस्थावान कहता था तो लाठी-डंडे से प्रहार कर उसकी आवाज को बंद कर दिया जाता था, लेकिन 10 वर्ष में आतंकवाद, उग्रवाद व नक्सलवाद समाप्त हुआ है और गरीबों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

आपका आशीर्वाद आवश्यक

सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। मोदी जी के नेतृत्व में भारत दुनिया की बड़ी ताकत बन सके, इसके लिए उन्हें तीसरा कार्यकाल दीजिए क्योंकि पहले तीन वर्ष में ही मोदी जी भारत को तीसरी बड़ी महाशक्ति के रूप में स्थापित करने जा रहे हैं। यह विकसित भारत की आधारशिला बनेगा। विकसित भारत के लिए विकसित यूपी, विकसित यूपी के लिए विकसित बदायूं जरूरी है। विकसित बदायूं के लिए भाजपा को आपका आशीर्वाद आवश्यक है।

इकॉनमी की रीढ़ बनेगा गंगा एक्सप्रेसवे

सीएम ने कहा कि एक तरफ हमने दो माह पहले दातागंज में कंप्रेस्ड बायो गैस के प्लांट का उद्घाटन किया और अब गंगा एक्सप्रेस वे भी उद्घाटन की प्रतीक्षा कर रहा है। इसका कार्य युद्ध स्तर पर हो रहा है। गंगा एक्सप्रेसवे यहां की इकॉनमी की रीढ़ बनने जा रहा है।

गंगा एक्सप्रेसवे लाखों रोजगार व नौकरी लेकर आएगा। आपकी कनेक्टिविटी को बेहतर करेगा। इसके निर्माण के उपरांत बदायूं से प्रयागराज- दिल्ली महज तीन-तीन घंटे में पहुंच जाएंगे। औद्योगिक कलस्टर भी विकसित होंगे। यह कार्य सपा, बसपा के लोग नहीं कर पाते।

Filed under Uttar Pradesh

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.