Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 34°C

‘अगर मैंने दलित और मुसलमानों पर अन्‍याय किया हो तो मुझे न दें वोट’-नितिन गडकरी

‘अगर मैंने दलित और मुसलमानों पर अन्‍याय किया हो तो मुझे न दें वोट’-नितिन गडकरी

अपने काम और बेबाकी के लिए मशहूर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी एक बार फिर नागपुर लोकसभा सीट से मैदान में हैं. इस सीट से लगातार दो बार चुनाव जीत रहे गडकरी को बीजेपी ने तीसरी बार भी उम्मीदवार बनाया है. नागपुर सीट के लिए पहले चरण के तहत आज (19 अप्रैल, 2024) को वोटिंग हो रही है.

इन सबके बीच नितिन गडकरी का एक बयान इन दिनों काफी वायरल हो रहा है. इसमें केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री गडकरी कह रहे हैं कि अगर किसी को लगता है कि मेरे साथ कोई भेदभाव हुआ है तो मुझे वोट देने की जरूरत नहीं है. मुझे भी जो पहचान रहा है, वह नागपुर के लोग हैं.

‘अगर मैंने काम किया है तो ही वोट दें’

नितिन गडकरी ने आगे कहा, “पिछले दस वर्षों में यदि मैंने नागपुर के अंदर किसी के साथ कोई भेदभाव किया हो या दलितों और मुसलमानों के साथ अन्याय किया है तो मुझे वोट देने की कोई जरूरत नहीं है. यदि मैंने पूरी निष्ठा के साथ काम किया है तो ही मुझे अपना वोट दें.”

मतदान के बाद जीत का भरोसा

नितिन गडकरी अपनी पत्नी, दो बेटों और बहू के साथ नागपुर के महल इलाके के टाउन हॉल में एक मतदान केंद्र पर पहुंचे.

मतदान के बाद पत्रकारों से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने विश्वास जताया कि वह बड़े अंतर से जीत दर्ज करेंगे. चुनावों को लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव बताते हुए उन्होंने कहा, ‘मैं उम्मीद करता हूं कि देश के लोग मतदान के अपने अधिकार का इस्तेमाल करेंगे जो कि उनकी जिम्मेदारी भी है.’ उन्होंने गर्मी बढ़ने के मद्देनजर नागपुर के निवासियों से जल्द से जल्द मतदान करने की अपील की.

16 अप्रैल को चुनाव प्रचार के दौरान की थी टिप्पणी

नितिन गडकरी अयोध्या में बने राम मंदिर पर भी बोले. उन्होंने कहा, पूरे देश के लिए यह बेहद खुशी की बात है कि भगवान राम की जन्मभूमि पर राम मंदिर का निर्माण हो गया है. उन्हीं के आशीर्वाद से हमने राम राज की स्थापना का संकल्प लिया है. बताया जा रहा है कि नितिन गडकरी का यह भाषण मंगलवार (16 अप्रैल 2024) का है.

फरवरी में भी एक टिप्पणी की वजह से आए थे चर्चा में

नितिन गडकरी इससे पहले भी कई टिप्पणियों की वजह से चर्चा में रहे हैं. इनमें से कुछ टिप्पणियां ऐसी रही हैं जो बीजेपी सरकार के खिलाफ ही फिट बैठती दिखी हैं. फरवरी 2024 में ही उन्होंने कहा था कि नेताओं के बीच विचारधारा में गिरावट लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है. साथ ही उन्होंने कहा था, “जो अच्छा काम करता है उसे कभी सम्मान नहीं मिलता. मैं हमेशा मजाक में कहता हूं कि चाहे किसी भी पार्टी की सरकार हो, एक बात तय है कि जो अच्छा काम करता है उसे कभी सम्मान नहीं मिलता और जो बुरा काम करता है उसे कभी सजा नहीं मिलती.’’

 

Filed under Top News

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.