Skip to content
Wednesday, October 28, 2026 Ahmedabad 35°C

‘श्रीकांत शिंदे के माथे पर लिखा है- मेरा बाप गद्दार’, प्रियंका चतुर्वेदी की अभद्र टिप्पणी

‘श्रीकांत शिंदे के माथे पर लिखा है- मेरा बाप गद्दार’, प्रियंका चतुर्वेदी की अभद्र टिप्पणी

लोकसभा चुनाव 2024 के तहत तीन चरण का चुनाव पूरा हो चुका है। वहीं, आने वाले 4 चरणों की वोटिंग के लिए सभी राजनीतिक दलों के नेता चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं। हालांकि, दूसरी ओर नेताओं द्वारा एक दूसरे का अपमान करने के चक्कर में सीमाएं भी लांघी जा रही हैं। अब शिवसेना यूबीटी की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी काफी विवादित टिप्पणी की है। उन्होंने महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे के बेटे और लोकसभा सांसद श्रीकांत शिंदे को लेकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है। आइए जानते हैं कि क्या है ये पूरा मामला।

क्या बोलीं प्रियंका चतुर्वेदी?

एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा श्रीकांत शिंदे के माथे पर लिखा है ‘मेरा बाप गद्दार है’। बुधवार देर शाम प्रियंका चतुर्वेदी उत्तर मुंबई से शिवसेना(UBT) उम्मीदवार संजय दिना पाटील के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित कर रही थीं। अपने भाषण में प्रियंका चतुर्वेदी ने एकनाथ शिंदे और श्रीकांत शिंदे पर जमकर निशाना साधा और उन्हें गद्दार कहा। प्रियंका ने कहा- “गद्दार, गद्दार ही रहेगा। एक फिल्म आई थी दीवार जिसमें अमिताभ बच्चन अपना हाथ दिखाते हैं, उनके हाथ पर लिखा था मेरा बाप चोर है। यह इनके माथे पर लिखा है। श्रीकांत शिंदे के माथे पर लिखा है मेरा बाप गद्दार है।”

भाजपा हार रही है- आदित्य ठाकरे 

दूसरी ओर शिवसेना (UBT) के नेता और महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी हार के करीब है और यही वजह है कि वह हिंदू-मुसलमान कर रही है। उन्होंने कहा कि आज बीजेपी देश का संविधान बदलना चाहती है। इसीलिए संविधान की रक्षा के लिए हम सड़क पर उतरे हुए हैं, जनता हमें ही वोट देगी।

महाराष्ट्र में कब-कब हैं चुनाव?

चुनाव आयोग के शेड्यूल के मुताबिक, महाराष्ट्र में पहले, दूसरे, तीसरे , चौथे  और पांचवें चरण में इलेक्शन हैं। इसमें पहले चरण में 19 अप्रैल को 5 सीट पर, दूसरे चरण में 26 अप्रैल को 8 सीटों पर, तीसरे चरण में 7 मई को 11 सीटों पर चुनाव हो गए हैं। वहीं, चौथे चरण में 13 मई को 11 सीटों पर और पांचवे चरण में 20 मई को 13 सीटों पर चुनाव होने हैं।

Filed under Maharashtra

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.