Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 33°C

‘पांच चरण में ही बीजेपी 310 के पार, कांग्रेस 40 के अंदर…’, गृहमंत्री अमित शाह का दावा

‘पांच चरण में ही बीजेपी 310 के पार, कांग्रेस 40 के अंदर…’, गृहमंत्री अमित शाह का दावा

यूपी के सिद्धार्थनगर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चुनावी रैली को संबोधित करते हुए बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि पहले पांच दौर के मतदान में ही भाजपा 310 सीट पार कर गई है और कांग्रेस पार्टी को इस बार 40 सीटें भी नहीं मिल रही हैं. अमित शाह के मुताबिक, पहले पांच चरण के मतदान में ही ‘इंडिया’ गठबंधन का सफाया हो गया है.

डुमरियागंज से बीजेपी प्रत्याशी जगदंबिका पाल के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने कहा, “पहले पांच चरणों में विपक्ष के गठबंधन का सफाया हो गया है. मैं आपको बता रहा हूं, इस बार कांग्रेस को 40 सीटें भी नहीं मिल रही हैं और अखिलेश यादव को चार सीटें भी नहीं मिलेंगी. उन्होंने आगे कहा कि पीओके (पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर) भारत का हिस्सा है और बीजेपी इसे वापस लेगी. पाकिस्तान के नेता कहते हैं कि पीओके उनका है. कांग्रेस नेता भी कहते हैं कि उनके (पाकिस्तान) पास परमाणु बम है. उन्हें बता दूं भाजपा के लोग परमाणु बम से नहीं डरते. पीओके भारत का हिस्सा है और रहेगा और हम इसे वापस लेंगे.

अमित शाह ने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने विदेश में छुट्टियां मनाने के लिए टिकट बुक कराए हैं. उन्होंने कहा, “एक तरफ राहुल गांधी हैं जो इटली, थाईलैंड और बैंकॉक के लिए रवाना होते हैं और दूसरी तरफ नरेंद्र मोदी हैं जिन्होंने 23 साल से कोई छुट्टी नहीं ली है और यहां तक कि अपनी दिवाली भी सीमा पर सैनिकों के साथ मनाते हैं.

शाह ने कहा कि भाजपा ने सेवानिवृत्त सैन्यकर्मियों के लिए ओआरओपी (वन रैंक-वन पेंशन) योजना सुनिश्चित की और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल में भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा. अमित शाह ने यह भी कहा कि विपक्ष एससी/एसटी और ओबीसी के आरक्षण को खत्म करने का प्रयास कर रहा है. उन्होंने कहा, “राहुल बाबा और अखिलेश यादव आप वोट बैंक की राजनीति में अंधे हो गए हैं. हम धर्म के आधार पर आरक्षण खत्म कर देंगे और इसे एसटी/एसटी और ओबीसी को वापस दे देंगे.”

Filed under India Uttar Pradesh

Share this story

Latest News

Explore Districts

News from every corner of Gujarat.