Skip to content
Wednesday, October 28, 2026 Ahmedabad 35°C

दिल्ली से दरभंगा जा रही फ्लाइट में AC न चलने से यात्री हुए परेशान, कई की तबीयत बिगड़ी

दिल्ली से दरभंगा जा रही फ्लाइट में AC न चलने से यात्री हुए परेशान, कई की तबीयत बिगड़ी

देश के कई राज्यों में गर्मी का प्रकोप जारी है. चिलचिलाती धूप और लू ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. आलम ये है लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. मानसून आने की आस लिए लोग गर्मी से बेहाल हो रहे हैं. इस बीच एक वीडियो सामने आया है जिसमें फ्लाइट में बैठे पैसेंजर भी गर्मी से परेशान होते नजर आ रहे हैं.

दरअसल दिल्ली से दरभंगा (एसजी 486) जाने वाली स्पाइसजेट के यात्रियों को तपतपाती गर्मी के बीच एक घंटे से ज्यादा समय तक बिना एयर कंडीशनिंग (एसी) के विमान के अंदर इंतजार करना पड़ा. जिससे कई लोग अस्वस्थ महसूस करने लगे. यात्री फ्लाइट के टेक ऑफ होने का इंतजार कर रहे हैं.

AC बंद होने से यात्री परेशान

वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह से फ्लाइट में बैठे लोग एसी बंद होने की वजह से गर्मी में परेशान हो रहे है. यात्रियों से भरी फ्लाइट में हर कोई अपने हाथों से हवा करता नजर आ रहा है तो कोई पसीना पोछता दिख रहा है. टिकट का इस्तेमाल पंखे के रूप में किया जा रहा है. यात्रियों के चेहरे पर परेशानी साफ नजर आ रही है.

यात्रियों ने बताया कि एयर कंडीशनिंग तभी चालू की गई जब विमान ने उड़ान भरी. यात्रियों में से एक रोहन कुमार ने बताया, “मैं स्पाइसजेट से दिल्ली से दरभंगा (एसजी 486) जा रहा था. दिल्ली एयरपोर्ट पर चेक-इन के बाद, उन्होंने एक घंटे तक एयर-कंडीशनिंग (एसी) चालू नहीं की. विमान के अंदर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस था. यात्रियों को परेशानी हो रही थी. विमान के उड़ान भरने के बाद ही एयर-कंडीशनिंग (एसी) चालू की गई.”

इंडिगो की फ्लाइट में भी हो चुकी है ऐसी घटना

यह घटना इंडिगो की एक फ्लाइट में इसी तरह की घटना की सूचना मिलने के एक दिन बाद आई है. दिल्ली से बागडोगरा जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तकनीकी समस्या के कारण तीन घंटे से अधिक समय तक देरी से उड़ान भर पाई. यात्रियों ने आरोप लगाया कि विमान के टरमैक पर खड़े होने के दौरान एयर कंडीशनिंग काम नहीं कर रही थी. प्लेन के अंदर बढ़ती गर्मी से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

एयरपोर्ट पर हुई बिजली गुल

गर्मी के साथ ही बिजली कटौती से भी लोग काफी परेशान हो रहे हैं. कुछ दिन पहले ही दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर काफी देर तक बिजली गुल रही. जिसकी वजह से वहां मौजूद यात्रियों के साथ ही एयरपोर्ट के स्टाफ को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. बिजली न होने की वजह से चेक इन से लेकर बोर्डिंग तक सभी काम बंद हो गए. वहीं इसका असर उड़ानों पर भी पड़ा.

राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत देश के तमाम राज्यों में भीषण गर्मी कहर बरपा रही है. सूरज ढलने के बाद रात में भी लोगों को उसकी तपिश का अहसास होता है. यहां तक की एसी भी गर्मी से निजात नहीं दिला पा रहा है. ऐसे में हर कोई अब मानसून आने का बेसब्री से इंतजार कर रहा है.

Filed under Delhi

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.