Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 36°C

आगरा के मर्चेंट नेवी अफसर की चीन में मौत, 13 दिन से शव के इंतजार में बूढ़ी मां और पत्नी

आगरा के मर्चेंट नेवी अफसर की चीन में मौत, 13 दिन से शव के इंतजार में बूढ़ी मां और पत्नी

मरीन इंजीनियर अनिल कुमार का शव चीन से भारत लाने के लिए विदेश मंत्रालय ने प्रयास तेज कर दिए हैं। आगरा के रहने वाले इंजीनियर की पिछले दिनों चीन में झेजियांग प्रांत के झोउशान शहर में हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। केन्द्रीय राज्य मंत्री एवं आगरा सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात कर आगरा निवासी इंजीनियर का शव भारत लाए जाने में मदद मांगी है। विदेश मंत्री ने हर संभव सहायता का भरोसा देते हुए कहा कि मंत्रालय इस मामले में उचित प्रयास कर रहा है।

आगरा में शाहगंज इलाके की साईं धाम रेजीडेंसी निवासी अनिल कुमार (49) मर्चेंट नेवी में इंजीनियर के पद पर तैनात थे। वह मर्चेंट नेवी कंपनी एमवीजी एच नाइटिंगल में चीफ इंजीनियर के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे और 29 जनवरी को चीन रवाना हुए थे। यात्रा पूरी करने के बाद उनको 15 जून को भारत लौटना था। उनका जहाज ड्राईडॉकिंग के लिए चीन के झेजियांग प्रांत के झोउशान शहर में था। 12 जून को परिवार के पास सूचना आई कि चीन यात्रा के दौरान अचानक हार्ट अटैक के चलते इंजीनियर अनिल कुमार का निधन हो गया। मनहूस खबर से परिवार गम में डूब गया। घरवालों को अभी तक इंजीनियर अनिल कुमार का पार्थिव शरीर आगरा पहुंचने का इंतजार है।

दिवंगत इंजीनियर अनिल कुमार की पत्नी अंजूलता पति का शव भारत लाए जाने के लिए कंपनी के अलावा चीन में भारतीय दूतावास से भी संपर्क साध रही हैं। आगरा प्रशासन भी इसे लेकर लगातार प्रयास कर रहा है, लेकिन अभी तक शव चीन से भारत नहीं भेजा गया है। अंजूलता पति की कंपनी के अधिकारियों से निरंतर संपर्क कर रही हैं, लेकिन ठोस जवाब नहीं मिल रहा। एक दिन पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों ने परिवार से मिलकर सांत्वना दी और अफसरों से वार्ता कर इंजीनियर अनिल का शव भारत लाने के प्रयासों में तेजी लाने को कहा। इस मामले में फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर के साथ केन्द्रीय राज्य मंत्री व आगरा सांसद प्रो. एसपी सिंह भी जुटे दिखाई दे रहे हैं। बुधवार को केन्द्रीय मंत्री प्रो. बघेल ने लोकसभा स्थगित होने के बाद नई दिल्ली में विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की और मैरीन इंजीनियर अनिल कुमार के शव को आगरा लाने का आग्रह किया। विदेश मंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया मंत्रालय इस मामले में उचित कार्रवाई कर रहा है।

Filed under India Uttar Pradesh

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.