अहमदाबाद विमान हादसे पर गौतम अदाणी ने जताया गहरा दुख, कहा- त्रासदी से स्तब्ध और बेहद दुखी
गुजरात के अहमदाबाद में बुधवार को हुए भीषण विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। एयर इंडिया की फ्लाइट AI171, जो अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट जा रही थी, टेक-ऑफ के कुछ मिनटों बाद ही मेघानीनगर इलाके में क्रैश हो गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक कई लोगों की मौत और दर्जनों यात्रियों के घायल होने की पुष्टि हो चुकी है।
इस त्रासदी पर उद्योगपति और अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने भी गहरा शोक जताया है। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “हम एयर इंडिया फ्लाइट 171 की त्रासदी से स्तब्ध और बहुत दुखी हैं। हमारी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अकल्पनीय क्षति झेली है। हम सभी अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं और जमीन पर मौजूद परिवारों को पूरा समर्थन दे रहे हैं।”
We are shocked and deeply saddened by the tragedy of Air India Flight 171. Our hearts go out to the families who have suffered an unimaginable loss. We are working closely with all authorities and extending full support to the families on the ground. 🙏🏽
— Gautam Adani (@gautam_adani) June 12, 2025
एयर इंडिया ने जारी बयान में कहा है कि फ्लाइट AI171 दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद से रवाना हुई थी और इसमें कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें चालक दल के सदस्य भी शामिल हैं। हादसे के बाद विमान में आग लग गई, और तुरंत राहत व बचाव दलों को घटनास्थल पर भेजा गया।
यात्रियों की राष्ट्रीयता के बारे में जानकारी देते हुए एयर इंडिया ने बताया कि इस फ्लाइट में 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, 1 कनाडाई नागरिक, और 7 पुर्तगाली नागरिक सवार थे। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राज्य और केंद्र सरकारें लगातार निगरानी कर रही हैं।
अहमदाबाद विमान हादसा न केवल एक मानवीय त्रासदी है, बल्कि भारत के नागरिक उड्डयन इतिहास की एक बड़ी दुर्घटना बनकर सामने आया है। देशभर से संवेदनाओं का सिलसिला जारी है।