‘ग्रेनेड गैंगस्टर’ हैप्पी पासिया अब भारत की गिरफ्त में
पंजाब में 16 से ज्यादा आतंकी हमलों को अंजाम दिलवाने वाले खालिस्तानी आतंकी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पासिया के अब बुरे दिन शुरू हो चुके हैं। अमेरिका की सैक्रामेंटो सिटी में ICE की कस्टडी में लिए गए हैप्पी को भारत जल्द प्रत्यर्पित करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, NIA और पंजाब पुलिस की संयुक्त कोशिशों से जल्द ही उसे भारत लाया जाएगा। हैप्पी पासिया पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित है और उसके खिलाफ 33 से ज्यादा गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
ISI, आतंकी रिन्दा और बब्बर खालसा इंटरनेशनल के साथ मिलकर हैप्पी पासिया ने पंजाब में पिछले दो वर्षों में कई आतंकी वारदातें करवाईं, जिनमें पुलिस थानों, चौकियों और अधिकारियों को टारगेट बनाकर ग्रेनेड और बम हमले शामिल हैं। इनमें चंडीगढ़, अमृतसर, गुरदासपुर, एसबीएस नगर और बटाला जैसे संवेदनशील इलाकों में हमले शामिल हैं। सिर्फ 2024 और 2025 में ही उसने 16 से अधिक हमलों की जिम्मेदारी ली थी। इसके चलते उसे ‘ग्रेनेड गैंगस्टर’ के नाम से भी पहचाना जाने लगा।

बीते 17 अप्रैल को अमेरिका की एजेंसी FBI ने उसे सैक्रामेंटो से गिरफ्तार किया, जहां वह अवैध रूप से रह रहा था और पुलिस से बचने के लिए बर्नर फोन का इस्तेमाल कर रहा था। पंजाब पुलिस लगातार उसकी डिजिटल गतिविधियों, नेटवर्क और विदेशी संपर्कों की जानकारी साझा कर रही थी, जिससे अमेरिका की एजेंसियों को उसे ट्रैक करने में मदद मिली।
अब जब वह अमेरिका की गिरफ्त में है, भारत की केंद्रीय एजेंसियों और पंजाब पुलिस की कोशिश है कि उसे जल्द भारत लाया जाए ताकि उस पर दर्ज मामलों में कानूनी कार्रवाई की जा सके और पंजाब में फैलाई गई दहशत का हिसाब लिया जा सके। उसकी गिरफ्तारी आतंक के नेटवर्क पर बड़ी चोट मानी जा रही है।