मेजर बचवाला रोहित ने रेलवे स्टेशन पर गर्भवती महिला की डिलीवरी कर मानवता की मिसाल पेश की
5 जुलाई को झांसी रेलवे स्टेशन पर एक असाधारण मानवीयता का दृश्य सामने आया, जब छुट्टी पर हैदराबाद जा रहे मेजर बचवाला रोहित ने प्रसव पीड़ा से तड़प रही एक गर्भवती महिला की मदद कर उसकी डिलीवरी करवाई। महिला व्हीलचेयर से गिर चुकी थी और स्थिति बेहद नाजुक थी। ऐसे में मेजर रोहित ने बिना देर किए प्लेटफॉर्म पर मौजूद सीमित संसाधनों—एक तौलिया, चाकू और हेयर क्लिप—का इस्तेमाल करते हुए आपातकालीन प्रसव कराया। उनकी सूझबूझ और चिकित्सकीय दक्षता ने मां और नवजात की जान बचाई।
भारतीय सेना ने इस घटना को “कर्तव्य से परे निःस्वार्थ सेवा” का प्रतीक बताते हुए सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी द्वारा मेजर रोहित को उनकी असाधारण सेवा और पेशेवर क्षमता के लिए सम्मानित करने की जानकारी दी। सेना प्रमुख ने खुद मेजर रोहित की वर्दी पर प्रशंसा चिह्न लगाकर उन्हें सम्मानित किया। सेना के ‘एक्स’ हैंडल पर इस घटना की तस्वीरें साझा की गईं, जिनमें मेजर को नवजात को गोद में लिए हुए और महिला की देखभाल करते हुए देखा जा सकता है।
Honouring a selfless service beyond the call of Duty #GeneralUpendraDwivedi, #COAS, today commended Major Bachwala Rohit for demonstrating exceptional professional acumen and selfless commitment beyond the call of duty.
On 05 Jul 2025, while proceeding on leave from Military… pic.twitter.com/fFpsD54EUS
— ADG PI – INDIAN ARMY (@adgpi) July 7, 2025
सेना ने कहा कि मेजर रोहित की देखरेख में मां और शिशु को स्थिर किया गया और फिर उन्हें आगे के उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया। मेजर रोहित के इस कृत्य की देशभर में सराहना हो रही है और उन्हें एक सच्चे सिपाही और मानवता के प्रहरी के रूप में देखा जा रहा है।