आलिया भट्ट की पूर्व पर्सनल असिस्टेंट वेदिका शेट्टी गिरफ्तार, ₹76.9 लाख की धोखाधड़ी का आरोप
बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट की पूर्व पर्सनल असिस्टेंट (PA) वेदिका प्रकाश शेट्टी को मुंबई की जुहू पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने आलिया की प्रोडक्शन कंपनी Eternal Sunshine Productions Pvt. Ltd. और उनके निजी खातों से मिलाकर कुल ₹76,90,892 की धोखाधड़ी की। यह धोखाधड़ी मई 2022 से अगस्त 2024 के बीच की गई।
शिकायत खुद आलिया की मां और प्रोडक्शन हाउस की निदेशक सोनी राजदान ने 23 जनवरी 2025 को जुहू पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई थी। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(4) (आपराधिक विश्वासघात) और 318(4) (धोखाधड़ी) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, शेट्टी ने 2021 में आलिया की निजी सचिव के रूप में काम शुरू किया था और 2024 तक इस पद पर बनी रहीं। इस दौरान उन्हें भुगतान और वित्तीय दस्तावेजों से जुड़े अधिकार दिए गए थे।
आलिया भट्ट की पूर्व असिस्टेंट हुई गिरफ्तार ₹76.9–77 लाख की
वेदिका प्रकाश शेट्टी पर आरोप है कि उन्होंने मई 2022 से अगस्त 2024 के बीच आलिया भट्ट और उनकी प्रोडक्शन कंपनी इटरनल सनशाइन प्रोडक्शंस के खातों से₹76.9 लाख की हेराफेरी की आलिया भट्ट का फर्जी साइन कर पैसे भेजें pic.twitter.com/fTwvqHlLw5
— 𝐀𝐤𝐚𝐬𝐡 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯 (@akashyadav94826) July 9, 2025
जांच में सामने आया है कि शेट्टी ने फर्जी बिल बनाकर आलिया से उनके दस्तखत करवाए, यह कहकर कि ये खर्चे उनकी यात्राओं, बैठकों और आयोजनों से संबंधित हैं। इन बिलों को उन्होंने ऑनलाइन टूल्स से इस तरह तैयार किया कि वे असली लगें। दस्तखत के बाद रकम एक करीबी दोस्त के खाते में ट्रांसफर की जाती थी, जो फिर पूरी राशि शेट्टी को लौटा देता था।
शिकायत दर्ज होने के बाद शेट्टी फरार हो गई थीं और लगातार राजस्थान, कर्नाटक, पुणे और अंत में बेंगलुरु जैसी जगहों पर अपनी लोकेशन बदलती रहीं। आखिरकार जुहू पुलिस ने उन्हें बेंगलुरु से हिरासत में लेकर पांच दिन के ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।