मुस्लिम युवक पर हिंदू युवती को ब्लैकमेल कर जबरन धर्म परिवर्तन का आरोप
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक 20 वर्षीय हिंदू युवती ने गांव के युवक राशिद पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसमें जबरन धर्म परिवर्तन, ब्लैकमेल, और जान से मारने की धमकी शामिल है। युवती का कहना है कि राशिद ने पहले खुद को धर्मनिरपेक्ष बताते हुए दोस्ती की, विश्वास जीतने के लिए उसे हनुमान चालीसा और शिव चालीसा पढ़कर सुनाई। लेकिन कुछ समय बाद उसने युवती पर इस्लाम कबूल करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
युवती ने बताया कि जब उसने विरोध किया, तो राशिद ने पैसों और उसे बांग्लादेश व सऊदी अरब ले जाने का लालच दिया। इनकार करने पर उसने उसकी तस्वीरों को अश्लील रूप में एडिट कर वायरल करने की धमकी दी। राशिद ने यह भी कहा कि अगर उसने किसी को बताया, तो वह उसके परिवार वालों को जान से मार देगा। इससे युवती मानसिक रूप से परेशान हो गई और उसे आत्महत्या जैसे ख्याल आने लगे।
हिम्मत जुटाकर जब युवती ने अपनी बड़ी मां को पूरी बात बताई, तो परिवार ने चिनहट थाने में मुकदमा दर्ज कराया। शिकायत में बताया गया है कि राशिद के कुछ रिश्तेदार सऊदी अरब और बांग्लादेश में रहते हैं, और उसके व्यवहार से यह मामला धर्मांतरण गिरोह से जुड़ा हो सकता है।
1 जुलाई को राशिद युवती के घर तक पहुंचा और फूलों का गुलदस्ता फेंककर चला गया। इसके बाद परिवार ने उससे सीधे सामना करने की योजना बनाई और हुसड़िया चौराहे पर बुलाया, जहां वह स्कॉर्पियो में 3-4 अन्य लोगों के साथ पहुंचा और तेजाब फेंकने तथा परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवती का दावा है कि यह केवल व्यक्तिगत मामला नहीं, बल्कि संगठित धर्मांतरण नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। पुलिस इस ऐंगल से भी जांच कर रही है।