ये है अब तक का सबसे ‘Hot’ प्रपोजल
प्यार के इज़हार के हजारों तरीके होते हैं, लेकिन वॉशिंगटन डी.सी. के मार्क स्टीवर्ट ने हाल ही में जो किया, उसने इंटरनेट पर हलचल मचा दी है। उन्होंने हवाई के सबसे सक्रिय ज्वालामुखियों में से एक किलाउए ज्वालामुखी के सामने अपनी प्रेमिका ओलिविया पोस्ट को घुटनों पर बैठकर प्रपोज किया। इस दौरान पीछे से लावा बह रहा था और आसमान लाल रोशनी से दमक रहा था। जैसे ही मार्क ने ओलिविया को अंगूठी पहनाई, उसने मुस्कुराकर ‘हां’ कह दिया। लावे की चमक में एक-दूसरे को गले लगाते इस कपल की तस्वीरें और वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।

मार्क ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “कल मैंने अपनी प्रेमिका ओलिविया को किलाउए ज्वालामुखी के सामने प्रपोज किया और उसने ‘हां’ कहा… ये मेरे जीवन का सबसे अविस्मरणीय पल था।” इस अनोखे और साहसिक प्रपोजल को लोगों ने ‘अब तक का सबसे हॉट प्रपोजल’ करार दिया है।

जैसे ही तस्वीरें सामने आईं, सोशल मीडिया पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई। एक यूजर ने लिखा, “तुम तो मेरे दिल के लावा हो।” वहीं, किसी ने मजाक में कहा, “अब शादी में लावा केक भी होना चाहिए।” कई यूजर्स ने इसे डर और रोमांस का परफेक्ट कॉम्बिनेशन बताया और ‘एपिक’, ‘लव वल्केनो’ जैसे नाम दिए।

इस रोमांचक और दिल को छू लेने वाले पल ने प्रेमियों को एक नई प्रेरणा दी है कि अगर प्यार सच्चा हो तो ज्वालामुखी से भी डरने की जरूरत नहीं होती।