25 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई क्लीम प्रोडक्शंस की एनिमेटेड फिल्म ‘महावतार नरसिम्हा’ ने ओपनिंग डे पर ही शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। होम्बले फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म को BookMyShow और IMDb पर 9.8/10 की रिकॉर्ड रेटिंग मिली है, जबकि गूगल पर यह स्कोर 5/5 रहा है। इन रेटिंग्स ने इसे अब तक की सबसे अधिक रेटिंग प्राप्त करने वाली भारतीय फिल्मों में शामिल कर दिया है।
फिल्म की कहानी, विजुअल्स, संस्कृति और परंपराओं को बेहद खूबसूरत ढंग से दर्शाते हुए यह फिल्म न सिर्फ एक सिनेमाई अनुभव बन गई है, बल्कि एक सांस्कृतिक धरोहर के रूप में भी देखी जा रही है। निर्देशक अश्विन कुमार और निर्माता शिल्पा धवन, कुशल देसाई और चैतन्य देसाई के नेतृत्व में बनी इस फिल्म ने भारतीय सिनेमा में एक नई मिसाल कायम की है।
‘महावतार नरसिम्हा’ को 3D में और पांच भारतीय भाषाओं में रिलीज किया गया है, और इसे थिएटर में देखने के लिए भारी संख्या में दर्शक उमड़ रहे हैं। पहले ही दिन भारत में इसने 2.01 करोड़ और वर्ल्डवाइड 2.29 करोड़ का कलेक्शन किया, जबकि इसका कुल बजट केवल 4 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। इस तरह फिल्म ने पहले दिन ही आधा बजट वसूल कर लिया है।
इस भव्य शुरुआत के साथ होम्बले फिल्म्स और क्लीम प्रोडक्शंस ने अगले एक दशक के लिए दशावतार यूनिवर्स की घोषणा भी कर दी है। इस यूनिवर्स में भगवान विष्णु के दस अवतारों पर आधारित फिल्में शामिल होंगी:
- महावतार नरसिम्हा (2025)
- महावतार परशुराम (2027)
- महावतार रघुनंदन (2029)
- महावतार द्वारकाधीश (2031)
- महावतार गोकुलानंद (2033)
- महावतार कल्कि पार्ट 1 (2035)
- महावतार कल्कि पार्ट 2 (2037)