बिहार के बेतिया जिले की पिपरा विधानसभा सीट पर चुनावी मुकाबला अब चरम पर है, जहाँ शनिवार (8 नवंबर 2025) को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एनडीए उम्मीदवार के समर्थन में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। मंच से सीएम योगी ने विपक्ष, विशेषकर आरजेडी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “पहले चरण के मतदान में बिहार की जनता ने यह साफ कर दिया है कि अब बिहार में लालटेन की धुंधली रोशनी में अपराध नहीं पनपेगा।”
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार में सुरक्षा और विकास का माहौल बना है। उन्होंने कहा, “बिहार में अब नए शिक्षण संस्थान खुल रहे हैं, निवेश आ रहा है, और निवेश की पहली शर्त है सुरक्षा। अगर अपराधी जीतेंगे तो निवेश भागेगा, और सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाएगी।”
उत्तर प्रदेश के उदाहरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने यूपी में अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की है। “ऐसे ही अपराधियों के लिए हमने यूपी में बुलडोजर खड़ा कर रखा है। यह वही बुलडोजर है जो माफियाओं की छाती पर चलता है और उनकी हड्डी-पसली एक कर देता है।” योगी ने आगे कहा कि मोदी सरकार नक्सलवाद और माओवाद को खत्म करने के लिए संकल्पित है। “मोदी जी ने कहा है कि मार्च 2026 तक नक्सलवाद और माओवाद की कमर तोड़ दी जाएगी। उसके बाद जो भी भारत का विरोध करेगा, समझो यमराज ने उसका टिकट पक्का कर दिया है।”
सीएम योगी ने अपने भाषण में आरजेडी शासनकाल के दौर को याद दिलाते हुए कहा कि बिहार के लोगों को ‘जंगलराज’ के भयावह दिन नहीं भूलने चाहिए। “जिन्होंने आरजेडी की अराजकता नहीं देखी, वे अपने माता-पिता से पूछें कि उस समय कैसे नरसंहार होते थे, अपहरण आम बात थी और पूरा बिहार भय के साए में जीता था। केवल आरजेडी का परिवार सुरक्षित था, बाकी जनता असुरक्षित थी।”
उन्होंने लोगों से अपील की कि अपराधी प्रवृत्ति के नेताओं को वोट न दें। “हमें ऐसे माफिया और अपराधियों का सामाजिक बहिष्कार करना चाहिए। हमें जानकारी मिली है कि इन पर 28 मुकदमे हैं, और फिर भी ये चुनाव लड़ रहे हैं। अगर ऐसे लोग उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ते तो जनता उन्हें कतई बर्दाश्त नहीं करती।”
योगी ने जनता से आग्रह किया कि बिहार को फिर से अराजकता के दौर में जाने से रोकें और प्रधानमंत्री मोदी के ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने के लिए एनडीए सरकार को फिर से चुनें। सभा के दौरान भारी भीड़ ने ‘जय श्रीराम’ और ‘मोदी-योगी जिंदाबाद’ के नारों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel