बांग्लादेश के मयमनसिंह जिले के भालुका उपजिले में गुरुवार (18 दिसंबर 2025) की रात कथित तौर पर ईशनिंदा के आरोप में एक हिंदू युवक की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद हमलावरों ने युवक के शव को एक पेड़ से बाँध दिया और उसमें आग लगा दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
यह वारदात भालुका के दुबालिया पाड़ा इलाके में स्क्वायर मास्टर बाड़ी के पास हुई। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान दीपू चंद्र दास के रूप में हुई है। वह एक स्थानीय गारमेंट फैक्ट्री में काम करता था और भालुका इलाके में किराए के मकान में रह रहा था।
https://twitter.com/i/status/2001902338781647331
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भालुका थाना के ड्यूटी ऑफिसर रिपन मिया ने बताया कि गुरुवार रात करीब 9 बजे कथित तौर पर पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में गुस्साई भीड़ ने दीपू चंद्र दास को पकड़ लिया। इसके बाद भीड़ ने उसकी बेरहमी से पिटाई की।
पुलिस का कहना है कि पिटाई के दौरान ही दीपू की मौके पर मौत हो गई। हत्या के बाद हमलावरों ने उसके शव को एक पेड़ से बाँध दिया और आग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और हालात को नियंत्रण में लिया।
पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए मयमनसिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मुर्दाघर भेज दिया है। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई है और घटना की जाँच जारी है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel