केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ की सफलता को स्वीकार करने के लिए वह राहुल गांधी के धन्यवाद के पात्र हैं। यह प्रतिक्रिया उस समय आई जब राहुल गांधी ने कर्नाटक में फॉक्सकॉन की नई आईफोन मैन्युफैक्चरिंग यूनिट को भारत में रोजगार सृजन का एक बेहतरीन मॉडल बताया।
दरअसल, राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि कर्नाटक स्थित फॉक्सकॉन की नई यूनिट ने केवल 8–9 महीनों में करीब 30,000 लोगों को रोजगार दिया है। उन्होंने इसे “अब तक का सबसे तेज़ फैक्ट्री विस्तार” करार दिया। राहुल गांधी ने यह भी रेखांकित किया कि इस यूनिट में लगभग 80 प्रतिशत कर्मचारी महिलाएं हैं, जिनकी उम्र ज्यादातर 19 से 24 वर्ष के बीच है और कई युवतियों के लिए यह उनकी पहली नौकरी है।
Thanks @RahulGandhi for acknowledging the success of PM Shri @narendramodi Ji’s ‘Make in India’ programme. As you have noted, we are becoming a producer economy as we implement our PM’s vision. pic.twitter.com/1K8kmE6s3t
— Ashwini Vaishnaw (@AshwiniVaishnaw) December 24, 2025
राहुल गांधी की इस पोस्ट के बाद केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ विजन को लागू कर भारत एक प्रोडक्टिव (उत्पादक) इकोनॉमी की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने इस बदलाव को देश के लिए एक बड़ा और सकारात्मक कदम बताया।
अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया मंच पर लिखा, “पीएम नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ प्रोग्राम की सफलता को स्वीकार करने के लिए राहुल गांधी को धन्यवाद। जैसा कि आपने कहा, हम प्रधानमंत्री के विजन को लागू करके एक प्रोड्यूसर इकॉनमी बन रहे हैं।”
रिपोर्ट के मुताबिक, इस फॉक्सकॉन यूनिट में अप्रैल–मई 2025 के दौरान iPhone 16 का टेस्ट प्रोडक्शन शुरू हुआ था और अब यहां iPhone 17 Pro Max मॉडल का निर्माण किया जा रहा है। यूनिट में होने वाले कुल उत्पादन का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा एक्सपोर्ट किया जा रहा है।
बताया गया है कि जब यह फैक्ट्री पूरी क्षमता पर पहुंचेगी, तो यहां करीब 50,000 कर्मचारी काम करेंगे। महिला कर्मचारियों के लिए छह बड़े हॉस्टल बनाए जा रहे हैं, जिनमें से कुछ पहले ही चालू हो चुके हैं, जबकि बाकी का निर्माण कार्य जारी है।
यह पहल न केवल महिलाओं और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा कर रही है, बल्कि भारत के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को भी एक नई दिशा देने में अहम भूमिका निभा रही है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel