किसानों को डिजिटल तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जोड़ने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘भारत-VISTAAR’ नाम का AI आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है, जिसका उद्देश्य किसानों को खेती से जुड़ी हर समस्या का एक ही जगह समाधान उपलब्ध कराना है। यह प्लेटफॉर्म 2026-27 के केंद्रीय बजट में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा घोषित AI डिजिटल कृषि प्लेटफॉर्म की पहल का हिस्सा है।
क्या है ‘भारत-VISTAAR’ ऐप?
कृषि मंत्री के मुताबिक, यह ऐप पूरी कृषि व्यवस्था को डिजिटल रूप से जोड़ने का प्रयास है। इसके जरिए किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी, मौसम पूर्वानुमान, फसल चयन, मिट्टी की गुणवत्ता, कीट नियंत्रण और वैज्ञानिक खेती से जुड़ी सलाह मिलेगी। साथ ही किसान शिकायत दर्ज करने और अपनी कृषि जरूरतों से जुड़े सवालों के जवाब भी पा सकेंगे।
'भारत विस्तार' एक नई क्रांति का शंखनाद है… pic.twitter.com/k2Dc2DoE6G
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) February 17, 2026
AI और AgriStack से जुड़ा प्लेटफॉर्म
‘भारत-VISTAAR’ प्लेटफॉर्म भारत के AgriStack पोर्टल को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के वैज्ञानिक डेटा और AI सिस्टम से जोड़ता है। इससे खेती से जुड़े फैसले डेटा आधारित, तेज और सटीक बनाए जा सकेंगे। ऐप किसानों को मौसम, बाजार भाव, मिट्टी की स्थिति और फसल रोगों के आधार पर सुझाव देगा।
छोटे किसानों के लिए बड़ी मदद
सरकार का दावा है कि इस डिजिटल प्लेटफॉर्म से छोटे और सीमांत किसानों को स्थानीय भाषाओं में कृषि सलाह मिल सकेगी। शुरुआती चरण में यह हिंदी और अंग्रेजी में उपलब्ध है, जबकि जल्द ही गुजराती, बांग्ला, पंजाबी, तेलुगू, तमिल और कन्नड़ सहित 11 क्षेत्रीय भाषाओं में भी लॉन्च किया जाएगा। इसके लिए ओडिशा, बिहार, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान के साथ समझौते किए गए हैं और ट्रायल शुरू हो चुका है।
प्रिय किसान साथियों, खेती को लेकर जो भी सवाल मन में उमड़ते हैं, उनका समाधान अब एक कॉल पर होगा।
Bharat Vistaar किसानों का नया साथी है, जो फसल उत्पादन से लेकर रोगों से बचाव के उपायों और मंडी भाव तक बताएगा।
नंबर याद कर लीजिए – 155261 pic.twitter.com/jfNcpv1Rsf
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) February 17, 2026
खेती में लागत कम, उत्पादन बढ़ाने का लक्ष्य
AI आधारित सलाह किसानों को पानी, उर्वरक और कीटनाशकों का सही समय पर उपयोग करने में मदद करेगी, जिससे खेती की लागत कम होने और उत्पादन बढ़ने की संभावना है। साथ ही मौसम आधारित जोखिम और फसल विफलता की आशंका भी कम करने का लक्ष्य रखा गया है।
डेयरी उत्पादों पर कृषि मंत्री का बयान
भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर कृषि मंत्री ने स्पष्ट कहा कि दूध, घी, दही और पनीर जैसे डेयरी उत्पादों के आयात से भारतीय किसानों को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने विपक्ष पर किसानों में भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसे दावे निराधार हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel