नेपाल में नए प्रधानमंत्री बनने जा रहे बालेन्द्र शाह ‘बालेन’ ने शपथ ग्रहण से एक दिन पहले अपना नया म्यूजिक वीडियो ‘जय महाकाली’ जारी कर दिया है। यह गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।
इस वीडियो में बालेन शाह के चुनाव अभियान के विजुअल दिखाए गए हैं, जिसमें देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया है। उनकी पार्टी राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी (RSP) इसे ‘म्यूजिकल मैनिफेस्टो’ बता रही है, जिसमें नए नेपाल की झलक दिखाई गई है।
35 वर्षीय रैपर से नेता बने बालेन शाह को हाल ही में RSP की संसदीय पार्टी का नेता चुना गया, जिससे उनका नेपाल के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया। वह आज शुक्रवार को राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल द्वारा प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे।
यूट्यूब पर रिलीज होने के सिर्फ दो घंटे में इस गाने को करीब 1.5 लाख व्यूज मिल गए, जबकि खबर लिखे जाने तक यह 25 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। यह गाना पहले एक दशक पहले रिलीज हुआ था, लेकिन अब नए विजुअल्स के साथ इसे दोबारा लॉन्च किया गया है।
यह चुनाव पिछले साल हुए जेन-जेड विरोध प्रदर्शनों के बाद पहला आम चुनाव था, जिसमें युवाओं ने बदलाव और भ्रष्टाचार-मुक्त शासन की मांग की थी। बालेन शाह मधेश क्षेत्र से प्रधानमंत्री बनने वाले पहले नेता भी होंगे।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel