आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम के पास गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में निजी ट्रैवल बस में आग लगने से कम से कम 12 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 5:45 बजे हुआ।
जानकारी के मुताबिक, एक निजी बस तेलंगाना के जगित्याल/निर्मल से आंध्र प्रदेश के कालिगिरी/नेल्लोर की ओर जा रही थी। इसी दौरान रेयावरम के पास तेज रफ्तार ट्रक से आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर के तुरंत बाद बस में आग लग गई, जिससे कई यात्री अंदर ही फंस गए और जलकर उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद करीब 20 यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मौके पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए हैं और जांच शुरू कर दी गई है।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों से स्थिति की समीक्षा करते हुए घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, मंत्री नारा लोकेश ने भी हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि यात्रियों का इस तरह जलकर मारा जाना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने और घायलों के बेहतर इलाज का आश्वासन दिया।
प्रशासन ने हादसे के कारणों की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं और आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel