दिसपुर: असम के तिनसुकिया जिले के ढोला क्षेत्र से एक दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक शिक्षक की कथित बार-बार की गई छेड़छाड़ से तंग आकर 14 वर्षीय नौवीं कक्षा की छात्रा ने आत्महत्या कर ली। छात्रा ने एक सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें शिक्षक का नाम स्पष्ट रूप से लिखा था। इसके आधार पर आरोपी शिक्षक विहिकू छेत्री को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह उत्पीड़न मई 2025 से शुरू हुआ था। 26 मई को, कक्षा समाप्त होने के बाद, जब अन्य छात्र चले गए थे, आरोपी शिक्षक ने पीड़िता को स्कूल की रसोई में बुलाया और कोका-कोला में नींद की गोलियां मिलाकर उसे पिलाई। इसके बाद छात्रा मानसिक रूप से टूट गई और 3 जून को स्कूल में ही कीटनाशक पीकर आत्महत्या की कोशिश की। उसकी हालत बिगड़ने पर शिक्षकों ने उसे एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने किसी तरह उसकी जान बचा ली।
हालांकि इलाज के बाद भी पीड़िता की मानसिक स्थिति बेहतर नहीं हो सकी और रविवार को उसने आत्महत्या कर ली। इस दुखद घटना ने पूरे इलाके में आक्रोश फैला दिया है और लोग शिक्षण संस्थानों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और गंभीरता से जांच की जा रही है।