बिहार के जहानाबाद जिले से एक बड़ी धार्मिक और ऐतिहासिक खबर सामने आई है। मखदुमपुर प्रखंड के चांढ़ गाँव में तालाब की खुदाई के दौरान भगवान विष्णु की प्राचीन अष्टधातु की मूर्ति बरामद हुई है। यह मूर्ति जेसीबी मशीन से तालाब की सफाई और गहरीकरण के दौरान मिट्टी के नीचे से निकली।
जैसे ही मूर्ति को बाहर निकाला गया, ग्रामीणों में उत्साह और आश्चर्य का माहौल बन गया। पानी से साफ करने के बाद मूर्ति का चमकदार और आकर्षक स्वरूप देखकर लोग इसे दिव्य और दुर्लभ धरोहर मानने लगे। कुछ ही समय में यह खबर पूरे इलाके में फैल गई और आसपास के गाँवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुँचने लगे।
ग्रामीणों ने मौके पर भगवान विष्णु के जयकारे लगाए और महिलाओं ने मंगलगीत गाकर पूजा-अर्चना की। लोगों का मानना है कि यह मूर्ति किसी प्राचीन मंदिर या ऐतिहासिक सभ्यता के अस्तित्व की ओर संकेत करती है, जो इस क्षेत्र के समृद्ध धार्मिक इतिहास को दर्शाती है।
फिलहाल इस मूर्ति को गाँव के सूर्य मंदिर में सुरक्षित रखकर पूजा शुरू कर दी गई है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस स्थल का पुरातात्विक और ऐतिहासिक अध्ययन कराया जाए, ताकि इसके पीछे के इतिहास की सच्चाई सामने आ सके। साथ ही गाँव में ही मंदिर निर्माण और मूर्ति की विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा की भी मांग की गई है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel