बिहार की राजधानी पटना के जानीपुर थाना क्षेत्र के नदवा गांव में हुए सगे भाई-बहन की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि यह हत्या पूरी तरह से सोची-समझी साजिश थी और इसके पीछे प्रेम-प्रसंग की कहानी जुड़ी थी। इस दोहरे हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया गया था। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी 19 वर्षीय शुभम कुमार ने अपने दोस्त रोशन कुमार के साथ मिलकर इस दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया। हत्या की रात शुभम ने एक दुकान से किरासन तेल खरीदा और सीधे मृतक के घर पहुंचा। उस समय लड़की का भाई सो रहा था, जबकि लड़की जाग रही थी।
शुभम ने पहले भाई को ईंट से कुचलकर मार डाला और फिर लड़की की भी निर्ममता से हत्या कर दी। इसके बाद दोनों घर का दरवाजा बंद कर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, शुभम और मृतका के बीच स्कूल के समय से प्रेम संबंध थे, लेकिन परिवार की असहमति के कारण दोनों अलग हो गए थे। हाल ही में शुभम को पता चला कि लड़की किसी और के संपर्क में है, जिससे वह आहत हुआ और आक्रोश में रौशन के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। शुभम की मानसिकता थी कि यदि वह उसकी नहीं हो सकती, तो किसी और की भी नहीं होगी। वहीं, रोशन की भूमिका हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने में रही। शुभम मृतका के घर पहले से आता-जाता था और परिवार को जानता था, जबकि रोशन और मृतका एक ही क्लास में पढ़ते थे और उसी ने दोनों की दोस्ती कराई थी। पुलिस ने उस दुकानदार से भी पूछताछ की है, जिससे किरासन तेल खरीदा गया था। आरोपी का घर घटनास्थल से करीब 3-4 किलोमीटर दूर है और वह पिछले एक हफ्ते से हत्या की साजिश रच रहा था। इस मामले में पुलिस ने माले विधायक गोपाल रविदास के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है, हालांकि उनके खिलाफ दर्ज केस की विस्तृत जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel