बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (07 नवंबर 2025) को औरंगाबाद में विशाल जनसभा को संबोधित किया। 6 नवंबर को पहले चरण का मतदान संपन्न हुआ था, जबकि दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होना है। पीएम मोदी ने पहले चरण के मतदान के रुझानों को जनता के समर्थन का स्पष्ट संकेत बताते हुए कहा कि बिहार किसी भी हालत में जंगलराज की वापसी नहीं चाहता।
प्रधानमंत्री ने कहा, “पहले चरण के मतदान से यह बिल्कुल साफ है कि बिहार के लोग जंगलराज को वापस नहीं आने देंगे। आरजेडी ने झूठे वादों का भ्रम फैलाने की कोशिश की, लेकिन जनता उनके छलावे में नहीं आई। उनके वादों पर तो खुद कॉन्ग्रेस को ही भरोसा नहीं है, इसलिए वे आरजेडी के घोषणापत्र पर बात तक नहीं कर रहे। बिहार के युवाओं ने इस झूठ के पिटारे को नकार दिया है।”
#WATCH | Aurangabad, Bihar | Addressing a public rally, PM Modi says, "The state president of Congress was insulted by RJD. RJD gave Congress only those seats where it hadn't won in 35-40 years. RJD even stole the Chief Ministerial candidacy by putting a gun to Congress's neck.… pic.twitter.com/nI8llmrOMj
— ANI (@ANI) November 7, 2025
पीएम मोदी ने भरोसा जताया कि बिहार का मतदाता “नरेंद्र-नीतीश के ट्रैक” पर विश्वास करता है। उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान ने यह तय कर दिया है— “फिर एक बार NDA सरकार, बिहार में फिर सुशासन सरकार।” उन्होंने आगे बताया कि एनडीए प्रदेश की जरूरतों के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में योजनाएँ लागू कर रहा है—कुछ जगह फूड प्रोसेसिंग, कहीं पर्यटन, कहीं टेक्नोलॉजी और मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है। गया में सबसे बड़ा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित हो रहा है, जो बिहार के लिए रोजगार का बड़ा केंद्र बनेगा।
प्रधानमंत्री ने अपने वादों के पूरा होने का जिक्र करते हुए कहा, “मोदी ने हर वादा निभाया है। राम मंदिर निर्माण का वादा पूरा हुआ, अनुच्छेद 370 हटाया गया। इसी धरती से पहलगाम हमले का बदला लेने का संकल्प लिया था, और ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान की तबाही आप सबने देखी। वन रैंक-वन पेंशन का वादा भी पूरा किया गया। आज 7 नवंबर को OROP लागू हुए 11 साल हो चुके हैं, और फौजियों को 1 लाख करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं।”
मोदी ने नक्सलवाद पर भी बात की। उन्होंने कहा कि औरंगाबाद समेत पूरा इलाका कभी माओवाद-नक्सल आतंक की चपेट में था। अंधेरा होने के बाद सन्नाटा छा जाता था, बसों को रंगदारी देनी पड़ती थी। लेकिन नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन की स्थापना के बाद नरसंहारों पर रोक लगी, और केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद नक्सलवाद की कमर तोड़ दी गई। अब यह आतंक समाप्ति की कगार पर है, जो डबल इंजन सरकार की सफलता है।
पीएम मोदी ने कहा कि जंगलराज के समर्थक अभी भी साजिशें करते हैं, लेकिन चुनाव आयोग ने पहले चरण के शांतिपूर्ण मतदान से यह स्पष्ट कर दिया है कि बिहार किसी तरह का ‘कट्टा राज’ नहीं चाहता। उनका कहना था कि जनता NDA के संकल्पपत्र पर भरोसा करती है, क्योंकि वही बिहार को विकसित बनाएगा।
अंत में प्रधानमंत्री ने गरीब कल्याण योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि बिहार के 60 लाख परिवारों को पक्के घर मिले हैं। शौचालय, मुफ्त गैस कनेक्शन, मुफ्त राशन और मुफ्त इलाज जैसी योजनाओं से गरीब, वंचित, दलित और महादलित परिवारों को सीधा लाभ पहुँचा है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel