अगर आपने कभी लोन या क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन किया है, तो आपसे जरूर पूछा गया होगा— “आपका CIBIL स्कोर कितना है?” अब तक यह स्कोर धीरे-धीरे अपडेट होता था। आपने समय पर EMI भरी, सुधार किया, लेकिन उसका असर स्कोर में दिखने में 10–15 दिन तक लग जाते थे। अब यह इंतजार खत्म होने वाला है।
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने क्रेडिट सिस्टम को ज्यादा रियल-टाइम और सख्त बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। 1 अप्रैल 2026 से क्रेडिट स्कोर हर 7 दिन में अपडेट होगा। यानी आपकी वित्तीय आदतें—चाहे अच्छी हों या खराब—अब जल्दी सामने आएंगी। इससे ग्राहकों और बैंकों, दोनों को फायदा होगा।
अब हर हफ्ते अपडेट होगा क्रेडिट स्कोर
अब तक देश की सभी क्रेडिट इन्फॉर्मेशन कंपनियां (CICs) जैसे TransUnion CIBIL, Experian आदि हर 15 दिन में डेटा अपडेट करती थीं। नए नियम के तहत क्रेडिट स्कोर महीने में कुल 5 बार रिफ्रेश होगा—
7 तारीख, 14 तारीख, 21 तारीख, 28 तारीख और महीने की आखिरी तारीख।
मतलब साफ है—अब स्कोर में देरी नहीं होगी, असर तुरंत दिखेगा।
RBI ने बदला पूरा डेटा फ्लो सिस्टम
RBI ने सिर्फ अपडेट की फ्रीक्वेंसी ही नहीं बदली, बल्कि पूरा डेटा फ्लो भी तय कर दिया है। महीने की आखिरी तारीख तक का पूरा क्रेडिट डेटा अगले महीने की 3 तारीख तक सभी CICs को देना होगा। इसमें सभी एक्टिव लोन और क्रेडिट कार्ड के साथ-साथ हाल ही में बंद हुए अकाउंट भी शामिल होंगे।
महीने के बीच में होने वाले अपडेट (7, 14, 21, 28 तारीख) में बैंक और NBFCs को केवल नया या बदला हुआ डेटा देना होगा। जैसे—नए लोन या कार्ड, EMI भुगतान या चूक, पता या नाम में बदलाव, गारंटर की जानकारी और अकाउंट की स्थिति में बदलाव (SMA से NPA की ओर जाना)। यह डेटा 2 दिन के भीतर CICs को देना अनिवार्य होगा।
लापरवाही पर RBI की सख्त नजर
अगर कोई बैंक या NBFC तय समयसीमा में डेटा नहीं देता, तो CICs इसकी रिपोर्ट RBI को करेंगी। यह रिपोर्ट DAKSH पोर्टल पर साल में दो बार—31 मार्च और 30 सितंबर को भेजी जाएगी। यानी अब सिस्टम में ढिलाई की कोई गुंजाइश नहीं होगी।
आम लोगों के लिए इसका क्या मतलब है?
यह नियम आम ग्राहकों के लिए बेहद अहम है। अगर आप समय पर EMI भरते हैं, तो आपका अच्छा स्कोर जल्दी दिखेगा। इससे लोन या क्रेडिट कार्ड अप्रूवल की संभावना बढ़ेगी और ब्याज दर भी कम मिल सकती है।
वहीं, अगर आप देरी करते हैं तो एक दिन की चूक भी जल्दी स्कोर में नजर आएगी। अगली बार लोन महंगा पड़ सकता है या रिजेक्ट भी हो सकता है। पहले जहां गलतियां कुछ समय तक “छिपी” रह जाती थीं, अब वे तुरंत उजागर होंगी।
बैंकों और NBFCs को क्या फायदा?
बैंकों के लिए यह बदलाव रिस्क मैनेजमेंट का गेम-चेंजर साबित होगा। अब उन्हें लेटेस्ट क्रेडिट स्कोर मिलेगा और पुराने डेटा के आधार पर लोन देने की मजबूरी नहीं रहेगी। इससे फ्रॉड और डिफॉल्ट का जोखिम कम होगा और लोन देने की प्रक्रिया ज्यादा जिम्मेदार बनेगी।
क्रेडिट स्कोर क्या होता है?
क्रेडिट स्कोर एक 3 अंकों की संख्या (300 से 900) होती है, जो बताती है कि आप कर्ज चुकाने में कितने भरोसेमंद हैं। यह स्कोर EMI और क्रेडिट कार्ड बिल की टाइमिंग, कुल कर्ज, और आपने कितने समय से क्रेडिट का इस्तेमाल किया है—इन सभी बातों पर निर्भर करता है।
CIBIL स्कोर कैसे चेक करें?
आप TransUnion CIBIL की वेबसाइट पर साल में एक बार मुफ्त में अपना स्कोर देख सकते हैं। बार-बार चेक करने के लिए पेड प्लान उपलब्ध है। इसके अलावा कई बैंक और फिनटेक ऐप्स भी मुफ्त में क्रेडिट स्कोर दिखाते हैं।
आखिर में काम की बात
RBI का यह नया नियम साफ संदेश देता है कि क्रेडिट सिस्टम अब और तेज, सख्त और पारदर्शी होने जा रहा है। अच्छे व्यवहार का रिवॉर्ड जल्दी मिलेगा और खराब आदतें तुरंत पकड़ी जाएंगी। अगर आप भविष्य में लोन लेना या क्रेडिट कार्ड अपग्रेड करना चाहते हैं, तो अब हर EMI और हर तारीख पहले से ज्यादा मायने रखेगी।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel