सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान को हराकर इतिहास रच दिया। भारत ने यह मुकाबला 5 विकेट से जीतकर ट्रॉफी अपने नाम की। खास बात यह रही कि पूरे टूर्नामेंट के दौरान भारत और पाकिस्तान तीन बार आमने-सामने आए और हर बार जीत भारत की झोली में गई। खिताब जीतने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मीडिया से बात की और ट्रॉफी को लेकर हुए विवाद तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्ट पर अपनी राय रखी।
ट्रॉफी को लेकर विवाद पर बोले सूर्या
एशिया कप जीतने के बाद भारतीय टीम ने ट्रॉफी नहीं ली। दरअसल, भारतीय खिलाड़ियों ने साफ कर दिया था कि वे पीसीबी चीफ और एसीसी प्रमुख मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी नहीं लेंगे। नकवी इस बात पर अड़े थे कि बतौर एसीसी चीफ उन्हें ही ट्रॉफी देनी होगी। लंबे समय तक खींचतान के बाद भारतीय टीम ने ट्रॉफी न लेकर ही मैदान पर जश्न मनाया। इस पर सूर्या ने कहा कि वे इसे विवाद नहीं कहेंगे। उन्होंने कहा, “असली ट्रॉफी तब होती है जब आप सबका दिल जीतते हैं। असली ट्रॉफी टीम और मैदान पर मौजूद हर किसी की मेहनत और प्रयास है।” उन्होंने इसे एक यादगार अनुभव बताया।
#WATCH | Dubai, UAE: On India refused to accept the Asia Cup 2025 trophy from ACC chairman Mohsin Naqvi, Indian skipper Suryakumar Yadav says, "I won't call it controversy. If you have seen, people have posted photos of trophy here and there. But the real trophy is when you win… pic.twitter.com/v33vIktcdr
— ANI (@ANI) September 29, 2025
शानदार जीत और टीम का जश्न
सूर्यकुमार यादव ने कहा कि एशिया कप जीतना बेहद खास एहसास था। खासकर तब जब कोई टीम बिना हारे टूर्नामेंट जीतती है। यह सिर्फ खिलाड़ियों के लिए नहीं बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण था। सूर्या ने बताया कि जीत के बाद सभी खिलाड़ी देर रात तक साथ बैठे और जमकर मस्ती की।
#WATCH | Dubai, UAE: On PM Modi's tweet "Operation Sindoor on the games field", Indian skipper Suryakumar Yadav says, "It feels good when the country's leader himself bats on the front foot; it felt like he took the strike and scored runs. It was great to see, and when the sir is… pic.twitter.com/nLLsgwuqPI
— ANI (@ANI) September 29, 2025
पीएम मोदी के पोस्ट पर कप्तान की प्रतिक्रिया
फाइनल में पाकिस्तान को हराने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा था—“खेल के मैदान पर ऑपरेशन सिंदूर।” इसे लोगों ने खूब सराहा। इस पर सूर्या ने कहा, “बहुत अच्छा लगता है जब देश का नेता फ्रंटफुट पर बल्लेबाजी करता है। ऐसा लगा जैसे उन्होंने खुद स्ट्राइक ली और रन बनाए। जब सर सामने खड़े हों तो खिलाड़ी और भी खुलकर खेलते हैं।”