दिल्ली सरकार ने राजधानी के प्रमुख यातायात जंक्शनों में शामिल उत्तर-पश्चिम दिल्ली स्थित ब्रिटानिया चौक का नाम बदलकर वरिष्ठ पत्रकार एवं पूर्व सांसद अश्विनी चोपड़ा (मिन्ना) चौक कर दिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने शुक्रवार को इस चौक का औपचारिक उद्घाटन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह कदम देश और समाज के लिए पत्रकारिता के क्षेत्र में अश्विनी चोपड़ा के योगदान को सम्मान देने के लिए उठाया गया है। उन्होंने कहा कि उनकी पुण्यतिथि पर यह नामकरण उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।
निडर पत्रकारिता को मिला सम्मान
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह जंक्शन पहले ब्रिटानिया फैक्ट्री के कारण “ब्रिटानिया चौक” के नाम से प्रसिद्ध था। अब इसे “अश्विनी चोपड़ा (मिन्ना) चौक” के रूप में नई पहचान मिली है।
#WATCH | Delhi: CM Rekha Gupta says, "… This junction, formerly known as Britannia Chowk because of the Britannia factory nearby, has now been renamed Ashwini Chopra Chowk on his death anniversary. Located beside the Punjab Kesari office, it honours a fearless journalist who… https://t.co/QCfKKykyC3 pic.twitter.com/fPXlKhKQXL
— ANI (@ANI) June 12, 2026
उन्होंने कहा, “पंजाब केसरी कार्यालय के समीप स्थित यह चौक एक ऐसे निडर पत्रकार को समर्पित है, जिन्होंने अपनी लेखनी के माध्यम से समाज और राष्ट्र की आवाज बुलंद की। दिल्ली सरकार उनके योगदान को सम्मानित करते हुए इस चौक का नाम उनके नाम पर समर्पित कर रही है।”
दिल्ली के प्रमुख जंक्शनों में होगा शामिल
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने भी इस अवसर पर अश्विनी चोपड़ा के योगदान को याद करते हुए कहा कि यह केवल नामकरण नहीं बल्कि एक प्रेरणा का प्रतीक है।
उन्होंने कहा, “यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि अश्विनी चोपड़ा चौक दिल्ली के सबसे स्वच्छ, व्यवस्थित और आधुनिक जंक्शनों में शामिल हो। परिवार, सरकार और जनता मिलकर इसे एक आदर्श स्थल के रूप में विकसित करें।”
कौन थे अश्विनी चोपड़ा?
अश्विनी चोपड़ा (मिन्ना) देश के प्रतिष्ठित हिंदी समाचार समूह पंजाब केसरी से जुड़े रहे और उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वे पूर्व सांसद भी रहे और समाज से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए जाने जाते थे।
पत्रकारिता, सामाजिक सरोकार और जनहित के मुद्दों पर उनकी सक्रिय भूमिका के कारण उन्हें व्यापक सम्मान प्राप्त था। उनके नाम पर चौक का नामकरण राजधानी में उनके योगदान को स्थायी पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जनता और परिवार ने जताया आभार
कार्यक्रम में अश्विनी चोपड़ा के परिवार के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार और स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे। परिवार की ओर से दिल्ली सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त किया गया।
स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि समाज और पत्रकारिता में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को इस प्रकार सम्मानित किया जाना नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है।
राजधानी में ऐतिहासिक पहचान
दिल्ली सरकार का मानना है कि राजधानी के महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों को उन व्यक्तित्वों के नाम से जोड़ना जरूरी है जिन्होंने देश और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई हो। अश्विनी चोपड़ा चौक इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
उद्घाटन के साथ ही अब यह जंक्शन आधिकारिक रूप से “अश्विनी चोपड़ा (मिन्ना) चौक” के नाम से जाना जाएगा।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel