दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से ही आसमान में बादलों की मौजूदगी बनी रही और दोपहर तक कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। इस बदलाव ने गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बड़ी राहत दी। तेज हवाओं और बूंदाबांदी ने राजधानी दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद का मौसम सुहाना बना दिया। कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी दर्ज की गई।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पहले ही चेतावनी दी थी कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली-एनसीआर में मौसम बदल सकता है। लगातार चल रही हवाओं ने तापमान में गिरावट के साथ प्रदूषण के स्तर को भी कम किया। कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) खराब श्रेणी से निकलकर मध्यम स्तर तक आ गया। हालांकि नवरात्रि के दौरान हुई बारिश से जगह-जगह आयोजकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
#WATCH | Delhi experiences a change in weather with several parts of the city receiving strong winds and rainfall. Visuals from North Avenue area. pic.twitter.com/9zJOpZVfIt
— ANI (@ANI) September 30, 2025
दिल्ली में मंगलवार सुबह से ही काले बादल छाए रहे। नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी आसमान बादलों से घिरा रहा। कई जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हुई, तो कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश से माहौल ठंडा हो गया। अचानक मौसम बदलने से लोग सड़कों पर भीगते दिखाई दिए और ट्रैफिक पर भी असर पड़ा।
आईएमडी के अनुसार, बारिश और हवाओं के चलते दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से नीचे चला गया है। इस बदलाव ने उमस और धूप से परेशान लोगों को काफी राहत दी है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह असर पश्चिमी विक्षोभ और मौसमी हवाओं के कारण देखने को मिल रहा है।
विभाग ने अगले 48 घंटों में भी दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। साथ ही तेज हवाएं और आंधी चलने की भी चेतावनी जारी की गई है। विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले दिनों में धीरे-धीरे ठंडक और बढ़ सकती है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel